चतरा में अपराधियों ने क्रूरता की हदों को किया पार: युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या, प्राइवेट पार्ट पर किए कई वार

चुवारी जंगल में मंगलवार रात एक युवक की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। खून से लथपथ युवक का शव देखकर स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई है। जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले ही मृतक मुंबई से घर वापस आया था।

By Julqar NayanEdited By: Publish:Wed, 29 Mar 2023 08:03 PM (IST) Updated:Wed, 29 Mar 2023 08:03 PM (IST)
चतरा में अपराधियों ने क्रूरता की हदों को किया पार: युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या, प्राइवेट पार्ट पर किए कई वार
अपराधियों ने युवक की चाकुओं से गोदकर की निर्मम हत्या।

संवाद सूत्र, चतरा: राजपुर के कैंडीनगर पंचायत के चुवारी जंगल में मंगलवार रात एक युवक की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। खून से लथपथ युवक का शव देखकर स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।

हमले में प्रयोग हथियार बरामद

शव की शिनाख्त राजपुर बाजार के विष्णु चंद्रवंशी के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त किए गए चाकू और शराब की बोतल बरामद किया है। इसके अलावा मौके से मृतक का एंड्राइड फोन, गले की चैन, चप्पल आदि बरामद की है।

दो दिन पहले मुंबई से घर लौटा था मृतक

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले विष्णु मुंबई से वापस घर लौटा था। स्वजनों ने बताया कि मंगलवार देर शाम घर से घूमने कहकर निकला था। सुबह जब परिजनों ने विष्णु को घर पर नहीं पाया। इसी बीच चुवाड़ी जंगल में शव पड़े होने की सूचना मिली।

सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि युवक की निर्मम हत्या की गई है। हत्या में प्रयुक्त किए गए सामान बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। अपराधी जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।

बेरहमी से की गई हत्या

चूवारी जंगल में अपराधियों द्वारा विष्णु चंद्रवंशी की नृशंस हत्या करने के बाद से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। अपराधियों ने सबसे पहले युवक के गर्दन को चाकू से छेदा उसके बाद पेट, पीठ और गुप्तांग में भी चाकू से वार किया।

इसके अलावा शराब की बोतल से शरीर को जगह-जगह पर चीर फाड़ दिया गया। घटनास्थल को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि युवक ने अंतिम सांस तक अपराधियों के साथ मुकाबला किया है।

रामनवमी पर्व हुआ फीका

मंगलवार की रात राजपुर बाजार निवासी पवन राम के 20 वर्षीय पुत्र विष्णु चंद्रवंशी की निर्मम हत्या से रामनवमी का पर्व फीका पड़ गया है।

बताते चलें कि राजपुर बाजार में कई वर्षों से विभिन्न क्षेत्रों के अखाड़ों का मिलान दशमी के दिन होता है। यहां अखाड़ों द्वारा झांकी और कई अद्भुत कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाते हैं, परंतु इस हत्या से सभी लोग स्तब्ध है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द अपराधियों को गिरफ्तारी की मांग की है।

chat bot
आपका साथी