जम्मू में आज से सजेगा सरकार का दरबार

राज्य ब्यूरो, जम्मू : राज्य सरकार का दरबार कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार से शीतकालीन राजधान

By JagranEdited By: Publish:Mon, 05 Nov 2018 02:26 AM (IST) Updated:Mon, 05 Nov 2018 02:26 AM (IST)
जम्मू में आज से सजेगा सरकार का दरबार
जम्मू में आज से सजेगा सरकार का दरबार

राज्य ब्यूरो, जम्मू : राज्य सरकार का दरबार कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार से शीतकालीन राजधानी जम्मू में काम करने लगेगा। अब अप्रैल के अंत तक दरबार जम्मू से काम करेगा।

जम्मू में सचिवालय की त्रिस्तरीय सुरक्षा का बंदोबस्त किया गया है। ऐसे में डोगरा हॉल से सिटी चौक की ओर जाने वाले मार्ग को भी सुरक्षा कारणों से आम ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया गया है। रविवार को पुलिस की सुरक्षा शाखा के वरिष्ठ अधिकारियों ने सचिवालय और आसपास की सुरक्षा की समीक्षा की। इस दौरान सचिवालय के विभिन्न हिस्सों की तलाशी भी ली गई।

शनिवार को कश्मीर के सचिवालय कर्मियों का पहला काफिला कड़ी सुरक्षा के बीच जम्मू पहुंच गया था। दूसरे और अंतिम काफिले में रविवार को जम्मू आने वाले कश्मीर के कर्मचारी रास्ता बंद होने के कारण जम्मू नहीं पहुंचे हैं। कुछ कर्मचारी जम्मू संभाग के किश्तवाड़, डोडा व भद्रवाह में क‌र्फ्यू होने के कारण भी नहीं आ रहे हैं। कोशिशें जारी हैं कि फंसे हुए कर्मचारी सोमवार तक जम्मू पहुंच जाएं। उनके आने के साथ ही दरबार को श्रीनगर से जम्मू लाने की प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी।

रविवार को जम्मू सचिवालय में बड़े पैमाने पर सफाई अभियान चलाया गया। सचिवालय में सुबह दस बजे राज्यपाल सत्यपाल मलिक को गार्ड ऑफ ऑनर देने की तैयारियों को भी अंतिम रूप दिया गया। सचिवालय पहुंचे पुलिस की सुरक्षा शाखा के वरिष्ठ अधिकारियों की सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की गई। सचिवालय के पहले सुरक्षा घेरे में पुलिस की सुरक्षा शाखा के कर्मी सादी वर्दी में तैनात हैं। दूसरा सुरक्षा घेरा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का है। तीसरे घेरे में सचिवालय के बाहर जम्मू कश्मीर पुलिस की विशेष क्विक रिएक्शन टीमें तैनात की गई हैं।

इसी बीच रविवार को भी सचिवालय में जोरशोर से काम चला। यह सुनिश्चित किया गया कि सचिवालय के तीन दर्जन कार्यालयों में बिजली व टेलीफोन सामान्य रूप से काम करें। विभिन्न विभागों की एडवांस पार्टियों ने एक सप्ताह लगाकर जम्मू सचिवालय के विभिन्न विभागों को कामकाज लायक बनाया है। दरबार मूव के दौरान मूव कर्मचारियों का पहला और दूसरा काफिला 27 व 28 अक्टूबर को जम्मू पहुंच गया था। रिकॉर्ड भी 28 अक्टूबर को जम्मू आ गया था। अब सिर्फ अंतिम काफिले में आने वाले कश्मीरी कर्मचारियों का पहुंचना बाकी है।

chat bot
आपका साथी