Jammu Kashmir: कर्नल विकास गौतम को जम्मू में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई, रांची में हृदयघात से हुआ था निधन

कर्नल गौतम का निधन झारखंड के रांची में हृदयघात से हुआ था। उनका पार्थिव शरीर शनिवार को विमान से रांची से जम्मू लाया गया था। उनकी अंतिम यात्रा में परिजनों रिश्तेदारों शास्त्रीनगर के निवासियों के साथ सैन्य अधिकारी व सैनिक स्कूल नगरोटा के पूर्व छात्र शामिल हुए।

By Lokesh Chandra MishraEdited By: Publish:Sun, 21 Feb 2021 06:55 PM (IST) Updated:Sun, 21 Feb 2021 06:55 PM (IST)
Jammu Kashmir: कर्नल विकास गौतम को जम्मू में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई, रांची में हृदयघात से हुआ था निधन
कर्नल विकास गौतम को रविवार जम्मू में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई रविवार को दी गई।

जम्मू, राज्य ब्यूरो : जम्मू के 42 वर्षीय कर्नल विकास गौतम को रविवार जम्मू में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई रविवार को दी गई। उनका अंतिम संस्कार जम्मू में शास्त्रीनगर शांति घाट में किया गया। इस गमगीन मौके पर हर आंख नम थी। सेना के जवानों की टुकड़ी ने कर्नल गौतम को अंतिम सलामी दी। देश सेवा करने में हर समय आगे रहने वाले सेना की 23 इन्फैंटरी डिवीजल सिग्नल रेजीमेंट के कमान अधिकारी, कर्नल गौतम को उनकी पत्नी दिव्या गौतम, बेटे सुहान व बेटी इकवीरा ने भी अंतिम सलामी देकर विदा किया।

कर्नल गौतम का निधन झारखंड के रांची में हृदयघात से हुआ था। उनका पार्थिव शरीर शनिवार को विमान से रांची से जम्मू लाया गया था। उनकी अंतिम यात्रा में परिजनों, रिश्तेदारों, शास्त्रीनगर के निवासियों के साथ सेना की टाइगर डिवीजन के स्टेशन कमांडर, सैन्य अधिकारी, सैनिक स्कूल नगरोटा के पूर्व छात्र व समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। शहर के शास्त्री नगर के रहने वाले कर्नल विकास गौतम का १८ फरवरी की रात को निधन हुआ था। वह जम्मू के सैनिक स्कूल नगरोटा के छात्र थे। ऐसे में उनकी मौत का समाचार मिलने पर परिजनों, रिश्तेदारों के साथ सैनिक स्कूल नगरोटा व इसके पूर्व छात्रों में भी शोक की लहर दौड़ गई थी।

कर्नल गौतम सैनिक स्कूल नगरोटा के वर्ष 1989-1996 बैच के छात्र थे। एनडीए की परीक्षा पास करने के बाद वह वर्ष 2000 में अपनी ट्रैनिंग पूरी होने के बाद युवा अधिकारी के रूप में सेना में कमीशन हुए थे। इस समय वह रांची में सेना की सिग्नल रेजीमेंट कमान कर रहे थे। कर्नल गौतम के मित्रों के अनुसार वीरवार देर शाम को यूनिट परिसर में दौड़ते समय उन्हें हृदयघात हुआ था। इसके बाद उन्हें यूनिट के अस्पताल में ले लाया गया यहां पर उन्हें मृत लाया घोषित किया गया।

chat bot
आपका साथी