अजलन शाह: भारत ने दर्ज़ की पहली जीत, मेजबान मलेशिया को दी मात

भारत के लिए गुरजंत सिंह ने दो जबकि शिलानंद लाकरा, सुमित कुमार और रमनदीप सिंह ने एक-एक गोल किए।

By Pradeep SehgalEdited By: Publish:Thu, 08 Mar 2018 12:05 PM (IST) Updated:Thu, 08 Mar 2018 12:05 PM (IST)
अजलन शाह: भारत ने दर्ज़ की पहली जीत, मेजबान मलेशिया को दी मात
अजलन शाह: भारत ने दर्ज़ की पहली जीत, मेजबान मलेशिया को दी मात

इपोह (मलेशिया), आइएएनएस। बुधवार को सुल्तान अजलान शाह हॉकी में भारतीय टीम ने मेजबान मलेशिया को एकतरफा मुकाबले में 5-1 से हरा दिया। यह इस टूर्नामेंट में भारत की पहली जीत है। भारत के लिए गुरजंत सिंह ने दो जबकि शिलानंद लाकरा, सुमित कुमार और रमनदीप सिंह ने एक-एक गोल किए। वही मेजबान टीम की ओर से फैजल सारी ने इकलौता गोल पेनाल्टी कॉर्नर के जरिये किया।

शिलानंद ने दिलाई बढ़त

पहले क्वार्टर में भारत ने शुरुआत से ही तेज हॉकी खेली। 10वें मिनट में शिलानंद लाकरा ने एक बेहतरीन फील्ड गोल के जरिये भारत को बढ़त दिलाई। रमनदीप सिंह के क्रॉस पर बेहद चालाकी से शिलानंद ने मलेशिया के गोलकीपर को छकाते हुए गेंद को नेट्स में डाला। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी और हाफ टाइम तक भारत 1-0 से आगे रहा।

फैजल ने दागा बराबरी का गोल 

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत मलेशिया के लिए खुशियां लेकर आईं। खेल के 33वें मिनट में मलेशिया को पेनाल्टी कॉर्नर मिला और इसे फैजल सारी ने भारतीय गोलकीपर की बाईं ओर से गोल पोस्ट में पहुंचाकर अपने घरेलू दर्शकों को जश्न मनाने का मौका दे दिया।

भारत ने किया जवाबी हमला 

तीसरे क्वार्टर के समाप्त होने से तीन मिनट पहले भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिसे पहले प्रयास में मलेशिया के गोलकीपर ने बचा लिया लेकिन गुरजंत सिंह ने दूसरे प्रयास में उसे गोल में तब्दील करके भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी।

चौथे क्वार्टर में भारत के तीन गोल 

खेल के आखिरी क्वार्टर में भारत ने तीन गोल किए। खेल के 48वें मिनट में पहले रमनदीप के पास पर सुमित ने गोल दागा और फिर तीन मिनट बाद सुमित के तेज शॉट को रमनदीप ने गोल पोस्ट की दिशा दिखाई। वहीं खेल खत्म होने के चार मिनट पहले भारत को एक और पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिसपर गुरजंत ने गोल करके भारत के स्कोर को 5-1 कर दिया। यह स्कोर अंत तक बरकरार रहा।

आयरलैंड से आखिरी मुकाबला 

अब भारतीय टीम अपना आखिरी लीग मुकाबला शुक्रवार को आयरलैंड के साथ खेलेगा। इससे पहले भारत को अपने पहले मुकाबले में अर्जेंटीना के खिलाफ 2-3 से हार मिली थी। इसके बाद भारत ने इंग्लैंड से 1-1 से ड्रॉ खेला था जबकि पिछले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने उसे 4-2 से हराया था।

क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

अन्य खेलों की खबरों के लिए यहां क्लिक करें 

chat bot
आपका साथी