विश्व हॉकी में भारत सर्वश्रेष्ठ मेजबानों में एक : वसीम अहमद

वसीम अहमद ने कहा कि भारत में आयोजित विश्व कप बेहद सफल होगा।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Sun, 30 Sep 2018 07:55 PM (IST) Updated:Sun, 30 Sep 2018 09:59 PM (IST)
विश्व हॉकी में भारत सर्वश्रेष्ठ मेजबानों में एक : वसीम अहमद
विश्व हॉकी में भारत सर्वश्रेष्ठ मेजबानों में एक : वसीम अहमद

मेलबर्न, प्रेट्र। भारत को हॉकी खेलने के लिए सर्वश्रेष्ठ देशों में से एक बताते हुए पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अहमद ने कहा कि खेल को लेकर भारतीयों के उत्साह के कारण इस साल के आखिर में होने वाला विश्व कप बेहद सफल साबित होगा।

पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके इस पूर्व कप्तान ने कहा, 'विश्व कप भारत में हो रहा है और मुझे लगता है कि भारत दुनिया के सर्वश्रेष्ठ मेजबानों में से एक है। वहां बड़ी तादाद में लोग हॉकी देखने आते हैं और अच्छी मीडिया कवरेज भी होती है। प्रायोजकों की भी कोई कमी नहीं है। इससे हॉकी वहां काफी कामयाब है। भारत में लोग पाकिस्तानी हॉकी खिलाडि़यों को खेलते देखना पसंद करते हैं। मुझे हमेशा भारत में खेलने में बहुत मजा आया और इतनी इज्जत और प्यार मिला कि कभी लगा ही नहीं कि हम दूसरे देश में खेल रहे हैं। भारत हॉकी खेलने के लिए सर्वश्रेष्ठ स्थानों में से एक है।'

विश्व कप 28 नवंबर से 16 दिसंबर तक भुवनेश्वर में खेला जाएगा, जो पहले एफआइएच चैंपियंस ट्रॉफी और हॉकी विश्व लीग की मेजबानी कर चुका है। भुवनेश्वर में हॉकी को लेकर उत्साह का आलम यह था कि एफआइएच विश्व लीग फाइनल्स के दौरान पिछले साल भारत और अर्जेटीना के बीच भारी बारिश में खेले गए सेमीफाइनल मैच के दौरान दर्शक स्टेडियम से हिले नहीं।

उन्होंने कहा, 'भारतीय टीम के प्रदर्शन में काफी सुधार आया है और वहां हॉकी का ढांचा भी बेहतर हुआ है। हरेंद्र पा जी (हरेंद्र सिंह) के कोच बनने के बाद से वे बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। एशियन गेम्स में बदकिस्मती से स्वर्ण पदक चूक गए। मेरा मानना है कि दोनों देशों को एक-दूसरे से द्विपक्षीय सीरीज खेलनी चाहिए। इससे लोगों और प्रायोजकों की हॉकी में दिलचस्पी भी बढ़ेगी। पाकिस्तान को इसकी सख्त जरूरत है।'

उन्होंने कहा, 'मुझे पाकिस्तान से विश्व कप में किसी चमत्कारिक प्रदर्शन की उम्मीद नहीं है क्योंकि उसे कठिन पूल मिला है। उसे मलेशिया को हराकर पूल में तीसरे स्थान पर रहना होगा, ताकि क्रॉसओवर खेल सके।

क्रिकेट की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी