सड़कों पर गिरे ल्हासे, अम्ब में ढहा मकान, फसल को नुकसान

जिला भर में शनिवार सुबह से शुरू हुई मूसलधार बारिश का क्रम रविवार को जारी रहा।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 23 Sep 2018 08:43 PM (IST) Updated:Sun, 23 Sep 2018 08:43 PM (IST)
सड़कों पर गिरे ल्हासे, अम्ब में ढहा मकान, फसल को नुकसान
सड़कों पर गिरे ल्हासे, अम्ब में ढहा मकान, फसल को नुकसान

जागरण टीम, ऊना : जिला भर में शनिवार सुबह से शुरू हुई मूसलधार बारिश का क्रम रविवार को जारी रहा। दो दिन में 159.2 एमएम बारिश हुई है। रविवार को 92.2 एमएम बारिश हुई थी। भारी बारिश से कहीं सड़कों पर ल्हासे गिर गए तो कहीं मकान, डंगे भी धंस गए। प्रशासन ने सोमवार तक अलर्ट जारी किया है।

ऊना के नंगल एनएच पर बाबा बेदी गेट के पास डंगा गिर गया। समय रहते जेसीबी लगाकर मार्ग को बहाल किया गया। संतोषगढ़ के पुराना बस अड्डे के पास रविवार को खंभे पर बिजली की तारों में स्पार्किंग हुई। विभिन्न स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बाधित रही जिसे रविवार शाम तक बहाल कर दिया गया था। ऊना से सटे बहडाला, मैहतपुर, कोटला, टाहलीवाल संतोषगढ़ आदि विभिन्न स्थानों पर सड़कें पानी से लबालब नजर आई। खेत में खड़ी मक्की की फसल को भी नुकसान पहुंचा है।

मौसम विभाग के समन्वयक विनोद कुमार ने बताया जिला भर में शनिवार को 67.2 एमएम बारिश हुई थी। रविवार को 92 एमएम बारिश हुई है। रविवार को अधिकतम तापमान 27.2 व न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।

-----

संवाद सहयोगी, अम्ब : ग्राम पंचायत मंदौली में बारिश के कारण एक मकान ढह गया। प्रभावित परिवार को करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह बारिश के दौरान गांव मंदौली में गुरदेव ¨सह पुत्र कृपा राम का स्लेटपोश मकान का एक भाग गिर गया। मकान के दूसरे तरफ दीवार में बड़ी बड़ी दरारें आ गई। घर में वृद्ध गुरदेव ¨सह व उसकी पत्नी रहते हैं। अब मकान ढहने के कारण खुले आसमान के नीचे रातें गुजारने को मजबूर हो गए हैं। ग्राम पंचायत प्रधान वीना देवी ने प्रशासन से प्रभावित परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है। राजस्व विभाग के पटवारी बलवंत ¨सह ने कहा नुकसान की रिपोर्ट बनाई जाएगी।

-------------

संवाद सहयोगी, बंगाणा: तलमेहड़ा जोल सड़क के किनारे ल्हासे व पेड़ गिरने से चार घंटे तक यातायात बंद रहा। बारिश से कई वाहन रास्तों में ही फंसे रहे। शनिवार देर रात से ल्हासे गिरने से सोहारी ¨भडला सड़क बंद रही। तलमेहड़ा-नलवाडी सड़क पर भी कई स्थानों पर ल्हासे गिर गए। इससे कई घंटे तक यातायात बाधित रहा। ऊना-भोटा हाईवे के किनारे भी कई स्थानों पर पहाडिृयों से पत्थर तथा मलबा सरकने से सड़क पर यातायात बाधित रहा। वहीं बंगाणा से हटली तुतडु तथा बंगाणा से पिपलू धनेटा सड़क के किनारे भी मलबा गिरने से यातायात में बाधा आई। लोक निर्माण विभाग उपमडंल बंगाणा के अधिषासी अभियंता रामस्वरूप कालिया ने बताया मशीनरी सड़कों पर गिरी चट्टानों को हटाने में लगी हुई है। उधर लोक निर्माण विभाग जोल के सहायक अभियंता केके शर्मा ने बताया सोहारी ¨भडला सड़क के किनारे गिरे मलबे को जेसीबी मशीन लगा हटाया गया है।

-----------

स्कूलों में नहीं होगी छुट्टी

जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति ने जिला में सोमवार को सभी स्कूल खुले रहने की जानकारी दी है। बताया सोशल मीडिया सहित कुछ शरारती तत्व सोमवार को मौसम खराब रहने सहित स्कूलों के बंद होने की अफवाह फैला रहे हैं। जबकि प्रशासन की ओर से ऐसे कोई निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। सोमवार को सभी शिक्षण संस्थान व अन्य कार्यालय खुले रहेंगे।

---------

संवाद सूत्र, बड़ूही : ग्राम पंचायत टकोली में स्लेटपोश दुकान धंस गई। दो दिन से हो रही भारी बारिश के कारण ग्राम पंचायत टकोली के निवासी बलवीत ¨सह की दुकान धंसी है। बलवीत ¨सह बीपीएल परिवार से संबंधित है। बताया दुकान में आई दरारों के कारण उसे लगभग 50 हजार का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने प्रशासन व सरकार से मुआवजे की मांग की है। ग्राम पंचायत प्रधान मंगल ¨सह ने कहा प्रभावित को जल्द मुआवजा दिलाया जाएगा।

-------------

बारिश से फसल को नुकसान

संवाद सहयोगी, मैहतपुर : मूसलधार बारिश से मक्की की फसल को नुकसान हुआ है। खेत में खड़ी फसल लगभग समाप्त हो चुकी है। अब स्थिती यह है कि गिरी हुई मक्की खेतों में ही सड़ रही है, जबकि कटान की गई फसल की छंटाई न होने से भी उक्त फसल को नुकसान पहुंचा है। किसान बद्रीनाथ, राजेंद्र प्रसाद, अमर चंद, अमरीक ¨सह, गुरमेल ¨सह, गुरनाम ¨सह तथा रामकुमार ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

-------

घरों में ही कैद हो गए लोग, जनजीवन अस्त-व्यस्त

संवाद सूत्र, भरवाईं : भारी बारिश के कारण लोग अपने घरों में ही कैद होकर रह गए। बाजार तक सुने नजर आए। मक्की की फसलों को बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचा है। वहीं रास्तों पर ल्हासे गिरने से चालकों को खतरा सताने लगा है। स्थानीय निवासी रामकुमार, दलजीत ¨सह, अशोक कुमार, राजीव शर्मा, अश्वनी शर्मा, राकेश कुमार, प्रीति देवी, त्रिलोचना देवी ने बताया भारी बारिश के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

chat bot
आपका साथी