मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र नाहन की क्षमता होगी 100 बिस्तर

जागरण संवाददाता नाहन डा. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल नाहन में म

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Jul 2022 03:42 PM (IST) Updated:Sat, 23 Jul 2022 03:42 PM (IST)
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र नाहन की क्षमता होगी 100 बिस्तर
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र नाहन की क्षमता होगी 100 बिस्तर

जागरण संवाददाता, नाहन : डा. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल नाहन में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र की क्षमता को 50 बेड से बढ़ाकर 100 बिस्तर किया जाएगा। यह निर्णय नाहन में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डा. राजीव सैजल की अध्यक्षता में आयोजित डा. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की रोगी कल्याण समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में रोगी कल्याण समिति के कर्मियों की 31 प्रतिशत वेतन वृद्धि तथा मेडिकल कालेज एवं अस्पताल नाहन में लगभग एक करोड़ 60 लाख रुपये से आवश्यक स्वास्थ्य उपकरणों की खरीद के अतिरिक्त भवन मुरम्मत एवं रखरखाव का निर्णय लिया गया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास किया है तथा वर्तमान में प्रदेश में 1800 से अधिक चिकित्सक स्वास्थ्य संस्थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सरकार द्वारा शीघ्र ही 500 से अधिक डाक्टरों की तैनाती की जाएगी। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं देश के अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर है। प्रदेश जनसंख्या के आधार पर सबसे अधिक मेडिकल कॉलेज वाला राज्य है।

रोगी कल्याण प्रशासकीय समिति ने वित वर्ष 2022-2023 के लिए 17 करोड़ 44 लाख 96 हजार रुपये का बजट प्रस्तावित किया है, जबकि वित वर्ष 2020-2021 का छह करोड 72 लाख तथा वित वर्ष 2021-22 के लिए 8 करोड़ 46 लाख रूपये का बजट अनुमोदन किया गया। जिला सिरमौर के नाहन में 261 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे डा. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कालेज के भवन का निर्माण कर शीघ्र ही जनता को समर्पित किया जाएगा। बैठक से पहले उन्होंने विधायक नाहन डा. राजीव बिदल व प्रशासनिक अधिकारियों तथा केन्द्रीय लोक निर्माण के अधिकारियों के साथ मेडिकल कॉलेज नाहन के निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्यों को पारदर्शिता गुणवत्ता एवं समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक राजीव बिदल ने मेडिकल कालेज नाहन की मुख्य समस्याओ से स्वास्थ्य मंत्री को अवगत करवाया। इस अवसर पर निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. राकेश पठानिया, प्रधानाचार्य डा. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज नाहन डा. श्याम कौशिक, चिकित्सा अधीक्षक एवं सदस्य रोगी कल्याण समिति डा. बलराम धीमान, सहायक आयुक्त एवं संयुक्त निदेशक डा. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज नाहन घनश्याम दास शर्मा व मुख्य चिकित्सा अधिकारी अजय पाठक, भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता के अतिरिक्त समिति के सरकारी व गैर सरकारी सदस्य भी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी