पर्यटकों को होटल और पार्किंग की राह दिखाएगी पुलिस

छुट्टियां मनाने शिमला आने वाले पर्यटकों के लिए पुलिस अब गाइड भी बनेगी।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 29 Jun 2022 06:41 PM (IST) Updated:Wed, 29 Jun 2022 06:41 PM (IST)
पर्यटकों को होटल और पार्किंग की राह दिखाएगी पुलिस
पर्यटकों को होटल और पार्किंग की राह दिखाएगी पुलिस

जागरण संवाददाता, शिमला : छुट्टियां मनाने शिमला आने वाले पर्यटकों के लिए पुलिस अब गाइड भी बनेगी। जिले के प्रवेशद्वार शोघी में अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटक वाहनों को पुलिस रोकेगी। पुलिस जवान पर्यटकों से पूछेंगे कि वे कहां पर घूमने जाना चाहते हैं, उनका होटल कहां पर है। यदि पर्यटकों ने कुफरी, मशोबरा या फिर ऊपरी शिमला में होटल बुक करवाया है तो पुलिस उन्हें शोघी से शहर के बीच से जाने के बजाय शोघी-मैहली बाईपास वाया बड़ागांव होते हुए जाने की सलाह देगी।

वहीं पुलिस पर्यटकों को पंफलेट भी बांटेगी। पुलिस ने पहले ही पंफलेट छपवाए हुए हैं। इसमें शहर के पर्यटन स्थल और वहां जाने के लिए बेहतर रास्ता कौन-सा होगा यह बताया जाएगा। पुलिस का तर्क है कि शहर में सबसे ज्यादा जाम सप्ताहांत पर लगता है। अन्य राज्यों से जो पर्यटक वाहन आते हैं उससे शहर में वाहनों की संख्या बढ़ जाती है, इसलिए शहर के बीचोंबीच से लाने के बजाय उन्हें बाईपास होते हुए ही लाया जाएगा। शहर से 26 व बाईपास से 35 किलोमीटर है ढली

शोघी से शिमला शहर के बीचोंबीच से ढली तक की दूरी 26 किलोमीटर है। जबकि शोघी-मैहली वाया बड़ागांव 35 किलोमीटर दूरी बनती है। अन्य राज्यों से जो पर्यटक अपने वाहनों में आते हैं वह गूगल मैप से लोकेशन देखते हैं। उन्हें 26 किलोमीटर शार्टकट लगता है इसलिए वे यहीं से आते हैं। जबकि इस 26 किलोमीटर का सफर तय करते हुए उन्हें तीन घंटे भी लग जाते हैं। शहर में इतना ज्यादा जाम होता है कि जगह-जगह वाहन फंसे रहते हैं। दूसरी तरफ 36 किलोमीटर वाला पूरा रोड खाली रहता है। केवल सेब सीजन में इसमें कुछ ट्रैफिक बढता है। फिर भी इतने जाम वाली स्थिति नहीं बनती जितनी शहर में बनती है। पुलिस पर्यटकों को यही चीज समझाएगी कि बाईपास से जाना उन्हें क्यों सुविधाजनक रहेगा। हर रोज आ रहे पांच से छह हजार वाहन

राजधानी शिमला में औसतन तीन हजार से 3500 वाहन शोघी की तरफ से रोजाना आते हैं। 2500 से तीन हजार वाहन वापस जाते हैं। सप्ताहांत पर यह संख्या बढ़ जाती है। इन दिनों पर्यटन सीजन चरम पर है। रोजाना 5500 से 6500 वाहन औसतन आ रहे हैं। सप्ताहांत पर आठ से नौ हजार वाहन शिमला शहर में प्रवेश कर रहे हैं। 25 दिन में शोघी की तरफ से शिमला शहर में एक लाख 28 हजार वाहनों ने प्रवेश किया है। वाहनों की संख्या बढ़ने से शहर में ट्रैफिक जाम लग रहा है। वाहन कहां पार्क करें, घूमने कहां जाएं यह भी बताएगी पुलिस

पुलिस पर्यटकों को बताएगी कि शहर में कहां पर पार्किग हैं। कहां पर वाहन पार्क करना बेहतर रहेगा। इसके बारे में बताया जाएगा। पुलिस का कहना है कि अन्य राज्यों से लोग शिमला घूमने के लिए आते हैं। उन्हें यदि सही तरीके से गाइड किया जाए तो काफी समस्याएं हल हो जाएंगी। शिमला शहर में इन दिनों काफी संख्या में पर्यटक वाहन आ रहे हैं। पुलिस पर्यटकों को गाइड करेगी कि वे कौन से रूट से जाएं। कहां पर ट्रैफिक जाम हो सकता है, कहां पर पार्किग हैं। पुलिस पंफलेट भी बांटेगी। इसके निर्देश जारी कर दिए हैं।

डा. मोनिका, एसपी शिमला।

chat bot
आपका साथी