मल्याणा में भूस्खलन से राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित, 100 ट्रक फंसे

राष्ट्रीय राजमार्ग पर मल्याणा में भूस्खलन होने से मार्ग बाधित हो गया है जिसकी वजह फल मंडी से आने वाले 100 से अधिक ट्रक रास्ते में ही फंस गये हैं।

By BabitaEdited By: Publish:Sat, 11 Aug 2018 11:47 AM (IST) Updated:Sat, 11 Aug 2018 11:47 AM (IST)
मल्याणा में भूस्खलन से राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित, 100 ट्रक फंसे
मल्याणा में भूस्खलन से राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित, 100 ट्रक फंसे

 शिमला, जेएनएन। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मल्याणा में शुक्रवार देर शाम भूस्खलन से बाधित हो गया है। दो दिन तक मार्ग के खुलने की कोई संभावना नहीं है। इससे सेब सीजन के प्रभावित होने के आसार हैं। शिमला की फल मंडी से अन्य राज्यों के लिए जाने वाले ट्रकों के लिए यही एक रास्ता है।

इसके अलावा आम जनता को भी परेशानी झेलनी पड़ सकती है। क्योंकि उक्त मार्ग मल्याणा, चम्याणा, मैहली आदि से लोग शहर के लिए आते हैं। इन्हें कई किलोमीटर अतिरिक्त सफर तय करने के बाद शहर पहुंचना पड़ेगा। मल्याणा में हुए भूस्खलन के कारण शिमला के कार्ट रोड पर भी जाम बढ़ जाएगा। अन्य राज्यों से आने वाले अधिकतर वाहन बाईपास होने के कारण इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। अब मार्ग बंद होने के कारण सभी वाहन वाया छोटा शिमला, संजौली और लक्कड़ बाजार होते हुए आएंगे जिससे कार्ट रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ जाएगा और जाम का सामना आम लोगों को करना पड़ेगा।

सेब के ट्रक फंसे

मल्याणा में मार्ग बाधित होने के कारण सेब ढुलाई में लगे ट्रक चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ेगी। क्योंकि बड़े ट्राले लक्कड़ बाजार और छोटा शिमला से नहीं आ सकते हैं, क्योंकि यह मार्ग काफी संकरा है। इस कारण भट्टाकुफर फल मंडी में 100 से अधिक ट्रक फंस गए हैं। शनिवार को दिनभर ट्रकों को खड़ा रहना होगा। क्योंकि दिन के समय अतिरिक्त मार्गों पर ट्रकों की आवाजाही प्रतिबंधित है। इससे सब्जियों और सेब को नुकसान हो सकता है।   

chat bot
आपका साथी