भट्टाकुफर में युवक पर दिनदहाड़े तेंदुए का हमला

जागरण संवाददाता, शिमला : भट्टाकुफर और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में तेंदुए के आतंक से लोग

By JagranEdited By: Publish:Fri, 07 Sep 2018 08:17 PM (IST) Updated:Fri, 07 Sep 2018 08:17 PM (IST)
भट्टाकुफर में युवक पर दिनदहाड़े तेंदुए का हमला
भट्टाकुफर में युवक पर दिनदहाड़े तेंदुए का हमला

जागरण संवाददाता, शिमला : भट्टाकुफर और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में तेंदुए के आतंक से लोग सहमे हुए हें। शुक्रवार दिनदिहाड़े करीब सवा एक बजे तेंदुए ने एक युवक पर हमला कर दिया। इससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। अंकुश कौंडल संजौली से भट्टाकुफर अपने घर की ओर रहा रहा था कि अचानक तेंदुआ झपट पड़ा। घबराकर उसने ढांक से छलांग लगा दी, जिससे उसे चोटें आई हैं। गनीमत यह रही कि युवक के साथ अन्य लोग भी थे जिन्होंने शोर मचा दिया और तेंदुआ भाग गया। युवक आइजीएमसी में उपचाराधीन है।

बुधवार को भी तेंदुए ने सुबह हाउसिंग बोर्ड के पास एक महिला को घायल कर दिया था। इतना ही नहीं क्षेत्र में अभी तक कई पालतू जानवरों को अपना शिकार बनाया है। तीन दिन में तेंदुआ तीन पालतू कुत्तों को मार चुका है। क्षेत्र के लोगों ने वन्य प्राणी विभाग से तेंदुए को पकड़ने की गुहार लगाई है।

क्षेत्र में एक माह से तेंदुए ने खूब आतंक मचा रखा है। उपनगर के साथ लगते क्षेत्र, भट्टाकुफर, नवबहार, हाऊसिंग बोर्ड, मल्याणा के लोग इससे परेशान हैं। तेंदुए ने साथ लगते गाव के लोगों के पशुओं, पालतू कुत्तों सहित अन्य जानवरों को अपना शिकार बनाया है। तेंदुए के आतंक के कारण लोगों का रात के समय अपने घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

मल्याणा के विकास, रामपाल और गोविद शर्मा ने बताया कि पिछले करीब एक महीने से तेंदुआ हर रात क्षेत्र में आ रहा है। क्षेत्र जंगलों से घिरा हुआ है जिस कारण यहां पर प्रतिदिन तेंदुए आते हैं और लोगों को दिन के समय भी घरों से अकेले निकलना मुश्किल हो रहा है। पिछले तीन दिनों में दो लोगों पर तेंदुआ हमला कर चुका है। लेकिन विभाग ने एक पिंजरा लगाकर अपना काम पूरा समझ लिया है। भट्टाकुफर क्षेत्र के लोग खतरे के साय में जी रहे हैं दिन दिहाड़े भी लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

-----------

ये बरतें सावधानियां

-घरों के बाहर रातभर लाइट जली रहने दें।

- पालतू कुत्तों को घरों के अंदर ही बांध कर रखे।

-बच्चों को आंगन या बाहर अकेले न रहने दें।

- घर पर पटाखे इत्यादि रखें, ताकि तेंदुआ दिखने पर उसे भगाया जा सके।

-----------

क्षेत्र में तेंदुए द्वारा हमले करने की शिकायत मिली है। तेंदुए के खतरे को देखते हुए हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में पिंजरे लगाए हैं लेकिन अभी तक तेंदुआ पकड़ में नहीं आया है। लोगों को तेंदुए से सावधान रहने को कहा गया है।

-अमित शर्मा, डीएफओ शिमला ग्रामीण।

chat bot
आपका साथी