होमगार्ड के 21 चालकों ने संभाली 108 की रफ्तार

संवाद सहयोगी, मंडी : मरीजों को आपातकाल सेवा प्रदान करने वाले 108 एंबुलेंस के कर्मचारियों प

By JagranEdited By: Publish:Thu, 28 Jun 2018 08:50 PM (IST) Updated:Thu, 28 Jun 2018 08:50 PM (IST)
होमगार्ड के 21 चालकों ने संभाली 108 की रफ्तार
होमगार्ड के 21 चालकों ने संभाली 108 की रफ्तार

संवाद सहयोगी, मंडी : मरीजों को आपातकाल सेवा प्रदान करने वाले 108 एंबुलेंस के कर्मचारियों पर उपायुक्त मंडी ने एस्मा लगा दिया है। मोबाइल स्विच ऑफ कर हड़ताल पर जाने वाले इन कर्मचारियों को अब पुलिस ढूंढ कर लाएगी। जिला में मरीजों व अन्य आपातकाल के मरीजों को वाहन सुविधा प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। गृह रक्षा के 21 चालकों को 108 एंबुलेंस की चाबियां थमाई गई हैं।

मंडी जिला में राष्ट्रीय 108 आपातकालीन सेवा के तहत तीस एंबुलेंस लोगों को सेवाएं दे रही हैं। कर्मचारी पिछले कुछ समय से कंपनी पर 12 घंटे के बजाय आठ घंटे डयूटी करने का दबाव बना रहे हैं। आपातकाल सेवा में रात-दिन कार्य करने वाले स्टाफ को नियमित करने के साथ-साथ उनके सुनहरे भविष्य के लिए कारगर नीति बनाने की भी मांग कर रहे हैं। इन सभी मांगों को लेकर कर्मचारियों ने वीरवार से हड़ताल शुरू कर दी है।

अपने मोबाइल स्विच कर एंबुलेंस को खड़ा कर दिया है, इससे प्रदेश के सभी जिलों में आपातकाल सेवा पटरी से उतर गई है। जिला प्रशासन ने आपातकाल सेवा प्रदान करने वालों के इस तरह हड़ताल पर जाने का कड़ा संज्ञान लेते हुए उन पर एसमा (आवश्यक वस्तु अधिनियम) लगा दिया है। जिला में लोगों को मिल रही 108 एंबुलेंस की सेवा को जारी रखने के लिए जिला प्रशासन ने रात को कमांडेट होमगार्ड से 11 चालकों की मांग कर दी। वीरवार दोपहर को दस और गृह रक्षा के चालकों की जिला प्रशासन ने सेवा लेने का निर्णय लिया। जिला में गृह रक्षा विभाग के पास इस समय 44 चालक मौजूद हैं। इसमें से 21 गृहरक्षक चालक 108 एंबुलेंस में सेवा प्रदान कर रहे हैं। ------

जिला प्रशासन की ओर से समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था कर रखी है। गृह रक्षा के चालकों के साथ निजी अस्पतालों की एंबुलेंस व नर्सो की सेवा भी ली जा रही है। सरकारी अस्पतालों में सेवाएं देने वाली नर्सों को भी तैयार रहने को कहा गया है।

-ऋग्वेद ठाकुर, उपायुक्त, मंडी।

chat bot
आपका साथी