विश्‍व कीर्तिमान बनाने वाली टीम तारिणी का एक और रिकॉर्ड

समंदर की लहरों का सामना कर विश्व कीर्तिमान बनाने वाली नौसेना की महिला अफसरों की टीम तारिणी मिशन को लिम्का बुक ऑफ रिकॉडर्स में दर्ज किया गया है।

By Rajesh SharmaEdited By: Publish:Mon, 11 Feb 2019 03:04 PM (IST) Updated:Mon, 11 Feb 2019 03:04 PM (IST)
विश्‍व कीर्तिमान बनाने वाली टीम तारिणी का एक और रिकॉर्ड
विश्‍व कीर्तिमान बनाने वाली टीम तारिणी का एक और रिकॉर्ड

जेएनएन, कुल्लू। समंदर की प्रचंड लहरों का सामना कर विश्व कीर्तिमान स्थापित करने वाली भारतीय नौसेना की महिला अफसरों की टीम तारिणी मिशन को लिम्का बुक ऑफ रिकॉडर्स में दर्ज किया गया है। भारतीय सेना की इन छह महिला अधिकारियों ने 254 दिन तक भीषण परिस्थितियों में सागर परिक्रमा कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था।10 सितंबर 2017 को आइएनएसवी तारिणी जहाज में सवार होकर यह छह बेटियां दुनिया का चक्कर लगाने निकली थीं। देशभर से छह बेटियों में हिमाचल के कुल्लू जिले के लेफ्टिनेंट कमांडर प्रतिभा जम्वाल भी शामिल रही।

प्रतिभा के पिता रवि जम्वाल ने बताया टीम तारिणी मिशन को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में शामिल किया गया है। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए बताया यह उनके लिए ही नहीं बल्कि जिला सहित प्रदेश व देश के लिए गौरव की बात है। 10 माह के सफर के दौरान इन्होंने 21600 नॉटिकल मील की दूरी तय की। पांच देशों में दो बार भूमध्य रेखा को पार किया, तीन महासागर की लहरों से जूझकर केप लेउविन, हॉर्न व गुड़हॉप से होकर तूफान का सामना किया और फिर 21 मई 2018 को स्वदेश लौटी थीं। ऑस्ट्रेलिया के फ्रेमंटल, न्यूजीलैंड के लीटलीटोन, फॉकलैंड के पोर्ट स्टेनली, दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन और मॉरीशस जैसी जगहें टीम का पड़ाव रहीं। तारिणी टीम लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी की अगुवाई में लेफ्टिनेंट कमांडर प्रतिभा जम्वाल, लेफ्टिनेंट कमांडर पी स्वाति, लेफ्टिनेंट एश्वर्या बोडापत्ति, लेफ्टिनेंट एस विजया देवी और लेफ्टिनेंट पायल गुप्ता शामिल थीं।

मिले कई सम्मान

सात समंदर की परिक्रमा करने वाली हिमाचल की बेटी लेफ्टिनेंट कमांडर प्रतिभा जम्वाल और उसकी पांच अन्य साथियों को 15 अगस्त को नौसेना मेडल से सम्मानित किया गया था। इसके बाद दिल्ली में 25 सितंबर को राष्ट्रपति भवन में प्रतिभा को देश के सबसे बड़ा खेल सम्मान तेंजिन नोर्गे अवार्ड से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सम्मानित किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 'मन की बात' कार्यक्रम में टीम का जिक्र कर चुके हैं। इसके अलावा कौन बनेगा करोड़पति सहित अन्य कई कार्यक्रमों में भी यह टीम अपने अनुभवों को साझा कर चुकी है।

chat bot
आपका साथी