Atal Tunnel in Manali: अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल में गिरा हिमखंड, चंद्रभागा नदी का बहाव रुकने से प्रभावित रहा यातायात

अटल टनल (Atal Tunnel) रोहतांग के नार्थ पोर्टल में सुबह एक हिमखंड गिर गया। इस हिमखंड के गिरने से चंद्रभागा नदी (Chandrabhaga River) का बहाव तीन घंटे के लिए रुक गया। बहाव रुक जाने के कारण नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने लगा। इस कारण यातायात काफी देर तक प्रभावित रहा। वहीं पुलिस पर्यटकों को खतरें से सतर्क करती हुई दिखाई दी।

By jaswant thakur Edited By: Deepak Saxena Publish:Tue, 16 Apr 2024 04:58 PM (IST) Updated:Tue, 16 Apr 2024 04:58 PM (IST)
Atal Tunnel in Manali: अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल में गिरा हिमखंड, चंद्रभागा नदी का बहाव रुकने से प्रभावित रहा यातायात
अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल में गिरा हिमखंड, चंद्रभागा नदी का बहाव रुकने से प्रभावित रहा यातायात।

जागरण संवाददाता, मनाली। अटल टनल रोहतांग के नार्थ पोर्टल में मंगलवार सुबह नौ बजे हिमखंड गिर गया। इससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन चंद्रभागा नदी का बहाव लगभग तीन घंटे तक रुका रहा। 12 बजे के बाद पानी ने अपना रास्ता बना लिया और साढ़े 12 बजे हालात सामान्य हुए।

हिमखंड गिरने का पता चलते ही लाहुल स्पीति पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने केलंग से मनाली आ रहे सभी वाहनों को तांदी के पास रोक दिया। जब तक नदी का बहाव सामान्य नहीं हुआ तब तक पुलिस के जवान लाउडस्पीकर से पर्यटकों व राहगीरों को खतरे से सतर्क करते रहे। नदी से दूर रहने की हिदायत देते रहे।

अटल टनल को नहीं पहुंचा कोई नुकसान

हिमस्खलन अटल टनल के नार्थ पोर्टल में मात्र 50 मीटर की दूरी पर हुआ। इससे टनल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। वहीं, सिस्सू के पास भारी वर्षा से सड़क धंसने से मनाली-केलंग मार्ग कुछ घंटे बंद रहा। मनाली समेत लाहुल घाटी में रातभर भारी वर्षा हुई। इसके चलते आधी रात को सिस्सू के पास सड़क धंस गई।

बीआरओ की मदद से 12 बजे तक यातायात हुआ बहाल

सुबह पता चलते ही सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) सड़क बहाली में जुटा। दोपहर 12 बजे तक बीआरओ ने सड़क यातायात के लिए बहाल कर दी। सिस्सू चौकी प्रभारी सीता राम ने बताया कि हिमखंड गिरने से कोई नुकसान नहीं हुआ है। चंद्रभागा नदी का बहाव रुक गया था जो कुछ ही घंटे बाद सामान्य हो गया। वर्षा से सिस्सू के पास सड़क धंस गई थी, जिसे बीआरओ ने बहाल कर दिया है।

ये भी पढ़ें: Himachal Politics: प्रतिभा सिंह की जीत में संजय दत्त ने निभाई थी चाणक्य की भूमिका, BJP नहीं भांप पाई थी उनकी रणनीति

ये भी पढ़ें: Jairam Thakur: 'मंडी की जनता को अपमानित करने वाली कांग्रेस, अब किस मुंह...', जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर बोला हमला

chat bot
आपका साथी