निरमंड में कार पर गिरी चट्टान, छह की मौत

जागरण टीम, कुल्लू/रामपुर बुशहर : जिला कुल्लू के निरमंड में अवेरी के समीप (बजीर बावड़ी पुल के साथ) कार

By JagranEdited By: Publish:Mon, 11 Dec 2017 07:44 PM (IST) Updated:Wed, 13 Dec 2017 05:33 PM (IST)
निरमंड में कार पर गिरी 
 चट्टान, छह की मौत
निरमंड में कार पर गिरी चट्टान, छह की मौत

जागरण टीम, कुल्लू/रामपुर बुशहर : जिला कुल्लू के निरमंड में अवेरी के समीप (बजीर बावड़ी पुल के साथ) कार पर पहाड़ी से चट्टान गिरने से छह लोगों की मौत हो गई। हादसे का शिकार हुए लोगों में दंपती, उनका बेटा व रिश्तेदार शामिल है, जबकि दो अन्य लोग भिवानी (हरियाणा) के हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव क्षतविक्षत हो गए। चार मृत लोगों की पहचान उनके मोबाइल फोन की सिम से परिजनों को कॉल करने के बाद हुई है। हादसा रविवार रात हुआ, लेकिन रास्ता सुनसान होने से किसी को पता ही नहीं चला। सोमवार सुबह जब अन्य वाहन गुजरने लगे तो सड़क पर मलबा आने का पता चला। मलबा हटाने पर इसके नीचे गाड़ी नजर आई। इसके बाद चट्टान के नीचे गाड़ी दबी होने की बात फैली और मौके पर पुलिस, सेना व एंबुलेंस पहुंची। सड़क के इस हिस्से पर अक्सर पहाड़ी से चट्टानें गिरती हैं। रविवार रात को भी ऐसा ही हुआ। माना जा रहा है कि जब कार (एचपी 35-4541) यहां से गुजर रही थी तो अचानक ऊपर से चट्टान गिर गई। हादसे में कार में सवार छह लोगों की मौत हो गई। इस बाबत सूचना मिलने पर अवेरी से सेना के 20 जवान व दो अधिकारी और निरमंड व ब्रौ थाने से पुलिस भी मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव दल ने सबसे पहले तीन शव निकाले। इसके बाद अन्य शव बड़ी मुश्किल से चट्टानों से निकाले गए। मृतकों में सीताराम (48) पुत्र मोलकू राम निवासी दत्तनगर, (रामपुर), सीता देवी (38) पत्नी सीता राम, मंजीत (13) पुत्र सीता राम तथा कार का मालिक गुरदयाल (28) पुत्र काथू राम निवासी झियारा (निरमंड), विजय और मनोज निवासी बड़वा जिला भिवानी (हरियाणा) शामिल हैं। विजय व मनोज दोनों कारपेंटर थे और इन्हें गुरदयाल अपने साथ काम के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने इनके परिजनों को भी सूचना दे दी है और वे मंगलवार सुबह पहुंचेंगे। सीताराम परिवार के साथ पुजारली में एक विवाह समारोह में हिस्सा लेने आ रहा था। उसके साथ वाहन में गुरदयाल सहित विजय व मनोज भी बैठे थे। एसपी कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि निरमंड अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद चार शव परिजनों को सौंप दिए हैं।

chat bot
आपका साथी