अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए 51 लाख रुपये का सहयोग देगा हिमाचल का यह ट्रस्ट

राम मंदिर निर्माण के लिए सोलन के साधुपुल स्थित रूडा के रामलोक मंदिर व ट्रस्ट के संस्थापक बाबा अमरदेव ने 51 लाख रुपये देने का एलान किया है।

By Rajesh SharmaEdited By: Publish:Sun, 10 Nov 2019 09:20 AM (IST) Updated:Sun, 10 Nov 2019 03:56 PM (IST)
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए 51 लाख रुपये का सहयोग देगा हिमाचल का यह ट्रस्ट
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए 51 लाख रुपये का सहयोग देगा हिमाचल का यह ट्रस्ट

सोलन, जेएनएन। अयोध्या पर सर्वोच्च न्यायालय का फैसले के बाद राम मंदिर निर्माण के लिए जिला सोलन के साधुपुल स्थित रूडा के रामलोक मंदिर व ट्रस्ट के संस्थापक बाबा अमरदेव ने 51 लाख रुपये देने का एलान किया है। उन्होंने कहा कि फैसला आने से पहले यहां कई हवन यज्ञ करवाए गए थे। गौर हो कि इस मंदिर में देशभर के राम भक्तों की आस्था जुड़ी है। इसमें भगवान राम का गर्भगृह है। यहां समस्त राम परिवार के साथ अन्य देवी देवताओं की अष्ट धातु की सबसे ऊंची मूर्तियां स्थापित हैं। ऐसी मूर्तियां केवल इसी मंदिर में हैं। मंदिर से कई वीवीपीआइ व राज घरानों की आस्था जुड़ी है। हाल ही में सब्जी मंडी सोलन के निकट रामलोक मंदिर की तरफ से राधा कृष्ण संग गोमाता की भव्य मूर्ति का अनावरण किया गया है।

उधर,  भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष सतपाल सत्‍ती का कहना है श्रीराम जन्मभूमि को लेकर उच्चतम न्यायालय के फैसले का सभी सम्मान करें। यह स्वागत योग्य फैसला है। उच्चतम न्यायालय ने तथ्यों व साक्ष्यों को सामने रखते हुए यह निर्णय किया है। समाज के प्रत्येक वर्ग को चाहिए वह आपसी भाईचारे की भावना बनाते हुए शांति बनाए रखें।

अयोध्या मामले में सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत है। यह ऐतिहासिक फैसला है। प्रदेशवासी शांति, सौहार्द व एकता बनाए रखें। - जयराम ठाकुर, मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश

फैसले का ह्रदय की गहराइयों से स्वागत है। यह नए युग की शुरुआत है। हमें दुनिया के सामने आपसी सामंजस्य से एकता और भारत की अखंडता की मजबूत मिसाल पेश करनी है। -अनुराग ठाकुर, केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामले राज्य मंत्री

भारत ने हमेशा विश्व को शांति व भाईचारे का संदेश दिया है। हम सबका दायित्व है कि एकता, प्रेम, सद्भाव व भाईचारा बनाए रखें। -रजनी पाटिल, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी।

फैसला संतोषजनक है। इस बहुप्रतीक्षित फैसले के बाद हिंदू व मुस्लिम समुदाय में प्रेम व सौहार्द और बढ़ेगा। -

वीरभद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री।

कांग्रेस फैसले का सम्मान करती है। हर भारतीय की जिम्मेदारी है कि परस्पर सम्मान और एकता की परंपरा को जीवंत रखें। -कुलदीप राठौर, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष

chat bot
आपका साथी