विधायक की पसंद का होगा नगर परिषद अध्यक्ष

भाजपा के पास है बहुमत अध्यक्ष पद पर अभी संशय बरकरार नीरज दुसेजा नगरोटा बग

By JagranEdited By: Publish:Fri, 15 Jan 2021 10:07 PM (IST) Updated:Fri, 15 Jan 2021 10:07 PM (IST)
विधायक की पसंद का होगा नगर परिषद अध्यक्ष
विधायक की पसंद का होगा नगर परिषद अध्यक्ष

नगर निकाय

भाजपा के पास है बहुमत, अध्यक्ष पद पर अभी संशय बरकरार

नीरज दुसेजा, नगरोटा बगवां

नगर परिषद नगरोटा बगवां के सात वार्डों में से छह में भाजपा समर्थित प्रत्याशी जीतने के बावजूद अभी तक अध्यक्ष पद पर कौन विराजमान होगा इसका फैसला नहीं हो पाया है। इसका कारण विधायक अरुण मेहरा व डा. नरेश वरमानी के बीच दूरियां माना जा रहा है। बेशक पार्षद सहमति से अध्यक्ष का चयन करने की बात कह रहे हों लेकिन इस बात से इन्कार नहीं किया जा सकता कि जिस पार्षद पर विधायक अरुण मेहरा का आशीर्वाद होगा वही कुर्सी पर विराजमान होगा।

नगर परिषद के वार्ड तीन से जीते डा. नरेश वरमानी व विधायक में जुबानी जंग, चुनाव के समय जुगलबंदी व दूरियां जगजाहिर हैं। डा. नरेश वरमानी को अध्यक्ष पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा था लेकिन चुनाव प्रचार के दौरान पैदा हुई स्थिति इसमें रोड़ा बन रही है। उन्हें नजरअंदाज करना भी आसान नहीं होगा, क्योंकि उन्हें काफी अनुभव है और लंबे समय तक भाजपा मंडल के अध्यक्ष रहे हैं। वरमानी के जनाधार को देखते हुए पार्टी हाईकमान का दबाव भी विधायक पर होना स्वाभाविक है। यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि वरमानी को अध्यक्ष बनाकर किसी महिला पार्षद को उपाध्यक्ष पद पर विराजमान किया जा सकता है। विधायक 2022 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर क्या फैसला लेते हैं यह देखना भी दिलचस्प होगा। वरमानी को अध्यक्ष नहीं बनाया जाता है तो उनकी नाराजगी कितना असर डालेगी यह तो भविष्य के गर्भ में छिपा है। इतना तय है कि सात वार्डो में से छह में भाजपा उम्मीदवार जीतने के बावजूद अध्यक्ष पद का फैसला न होना पार्टी के लिए सिरदर्द बना हुआ है।

---------

नगर परिषद चुनाव जनता ने भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में फैसला सुनाया है। यही कारण है कि सात में से छह वार्डों में भाजपा समर्थित उम्मीदवार विजयी हुए हैं। शपथ ग्रहण समारोह से पहले सभी पार्षद आपस में बैठकर अध्यक्ष पद पर कौन विराजमान होगा उसके नाम पर मुहर लगाएंगे।

-अरुण मेहरा, विधायक नगरोटा बगवां

chat bot
आपका साथी