हर वार्ड में भाजपा की जीत का मंत्र

नगर निगम चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए भाजपा ने कदमताल तेज कर दी

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Mar 2021 08:03 PM (IST) Updated:Fri, 05 Mar 2021 08:03 PM (IST)
हर वार्ड में भाजपा की जीत का मंत्र
हर वार्ड में भाजपा की जीत का मंत्र

जागरण संवाददाता, धर्मशाला : नगर निगम चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए भाजपा ने कदमताल तेज कर दी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने वीरवार को धर्मशाला में बैठक के दौरान दिशानिर्देश दिए कि शुक्रवार से ही हर वार्ड में बैठकें कर रणनीति को धार दी जाए। ऐसे में अधिकतर बैठकें भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल चौधरी की अध्यक्षता में की गई। कई जगह जिला परिषद अध्यक्ष रमेश बराड़ ने भी मोर्चा संभाला।

नगर निगम के 17 वार्डों में बैठकें कर पार्टी कार्यकर्ताओं को जीत के टिप्स दिए गए। यह भी आह्वान किया गया कि सरकार की नीतियों को लोगों के घर द्वार तक पहुंचाएं, ताकि उनका लाभ लेने से कोई पात्र वंचित न रह जाए। बैठकों का उद्देश्य नगर निगम की जीत तो है ही वहीं सरकार के मिशन रिपीट को लेकर भी रणनीति बनाई जा रही है। ग्राम केंद्र से लेकर बूथ स्तर तक बन रही रणनीति

भाजपा ने अपने पहले चरण के दौरान नगर निगम के हर वार्ड में ग्राम केंद्र से लेकर बूथ स्तर तक बैठकें कर ली हैं। इनका उद्देश्य यह भी रहा कि बूथ स्तर तक पार्टी मजबूत हो और नगर निगम के चुनाव में शानदार जीत हासिल की जा सके।

आज वार्ड प्रभारी भी करेंगे बैठकें

नगर निगम के चुनाव के लिए वार्ड प्रभारी शनिवार को बैठकों का आयोजन करेंगे। इस दौरान टोह ली जाएगी कि किस वार्ड से कौन सा प्रत्याशी अच्छी पकड़ बनाए हुए है। अब तक हुई बैठकों के दौरान यह भी मत जाना गया कि कौन सा नेता पार्टी को जीत दिलवा सकता है।

---------

नगर निगम धर्मशाला के सभी वार्डो में बैठकों का आयोजन कर रणनीति को धार दी गई। जीत दर्ज करने के लिए पार्टी एकजुटता के साथ आगे बढ़ रही है। शुक्रवार को अधिकतर वार्डो में बैठकें कर कार्यकर्ताओं को जीत के टिप्स दिए गए।

अनिल चौधरी, मंडल अध्यक्ष भाजपा धर्मशाला।

नगर निगम के चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए सभी एकजुटता के साथ आगे बढ़ रहे हैं। सभी वार्डों में बैठकों का आयोजन कर लिया है। केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों को लोगों के घर द्वार तक पहुंचाने का आह्वान किया जा रहा है। नगर निगम के चुनाव में भाजपा शानदार जीत दर्ज करेगी।

विशाल नैहरिया, विधायक धर्मशाला

chat bot
आपका साथी