चंबा में सीमेंट प्लांट का शिलान्यास अक्टूबर में : शांता कुमार

चंबा जिला के सिकरी धार में सीमेंट प्लांट का शिलान्यास अक्टूबर में किया जाएगा।

By Munish DixitEdited By: Publish:Thu, 30 Aug 2018 12:28 PM (IST) Updated:Thu, 30 Aug 2018 12:28 PM (IST)
चंबा में सीमेंट प्लांट का शिलान्यास अक्टूबर में : शांता कुमार
चंबा में सीमेंट प्लांट का शिलान्यास अक्टूबर में : शांता कुमार

जेएनएन, पालमपुर: चंबा जिला के सिकरी धार में सीमेंट प्लांट का शिलान्यास अक्टूबर में किया जाएगा। इसके लिए ई-टेंडर निविदाएं मांगी गई हैं। इच्छुक कंपनियों से 24 सितंबर तक आवेदन लिए जाएंगे। इसके बाद सरकार प्लांट बनाने के लिए कंपनी के साथ एमओयू करेगी। पालमपुर में जारी बयान में सांसद शांता कुमार ने कहा कि चंबा में सीमेंट प्लांट लगाने की दिशा में युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। इस मुद्दे पर शिमला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर से भी चर्चा की थी।

25 अगस्त को चंबा में उन्होंने जिला प्रशासन और उद्योग विभाग के अधिकारियों से भी इस संबंध में जानकारी ली थी। अधिकारियों ने बताया कि सीमेंट प्लांट स्थापित करने के लिए ई-टेंडर निविदाएं मांगी गई हैं और 24 सितंबर इसकी अंतिम तारीख रखी गई है। उसके बाद संबंधित कंपनी के साथ सरकार का समझौता, एमओयू होगा। सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अक्टूबर में सीमेंट प्लांट का शिलान्यास किया जाएगा। चंबा में सीमेंट बनाने के लिए बहुत मात्रा में कच्चा माल उपलब्ध है।

यह हिमाचल प्रदेश का एक बड़ा उद्योग होगा। शांता कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्णय के अनुसार भविष्य में सभी सड़कें सीमेंट की बनाई जाएंगी, इसलिए देश में सीमेंट की मांग भी लगातार बढ़ती जा रही है। चंबा का सीमेंट उद्योग पूरे जिला की बेरोजगारी को दूर करेगा। यह उद्योग भारत के अति पिछड़े जिला चंबा के लिए मील पत्थर साबित होगा।

chat bot
आपका साथी