होली लॉज में पूर्व मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह का लंच: करीबी नेताओं सहित विरोधी खेमे ने बनाई दूरी

Virbhadra Singh Lunch पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने घर होली लॉज में कांग्रेस नेताओं को लंच दिया। इस राजनीतिक बैठक में विरोधी धड़े ने पूरी तरह दूरी बनाए रखी।

By Rajesh SharmaEdited By: Publish:Sun, 12 Jul 2020 01:15 PM (IST) Updated:Sun, 12 Jul 2020 05:11 PM (IST)
होली लॉज में पूर्व मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह का लंच: करीबी नेताओं सहित विरोधी खेमे ने बनाई दूरी
होली लॉज में पूर्व मुख्‍यमंत्री वीरभद्र सिंह का लंच: करीबी नेताओं सहित विरोधी खेमे ने बनाई दूरी

शिमला, जेएनएन। पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह ने अपने घर होली लॉज में रविवार को कांग्रेस नेताओं को लंच दिया। लंच के बहाने बुलाई गई इस राजनीतिक बैठक में विरोधी धड़े ने पूरी तरह दूरी बनाए रखी। कांग्रेस के कुल 21 विधायकों में से 12 विधायक (वीरभद्र सिंह और उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह सहित) ही इस बैठक में मौजूद रहे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री रहे कौल सिंह ठाकुर, पार्टी के वरिष्ठ विधायक व पूर्व में मंत्री रहे रामलाल ठाकुर, हर्षवर्धन चौहान, पार्टी की वरिष्ठ नेत्री आशा कुमारी, पूर्व मंत्री जीएस बाली, पूर्व अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू लंच पर नहीं आए।

वीरभद्र सिंह के करीबी माने जाने वाले पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे सुधीर शर्मा भी इस आयोजन में मौजूद नहीं थे। इसके अलावा सीपीएस रोहित ठाकुर व अन्य दिग्गज भी इस लंच कार्यक्रम में भाग लेने नहीं गए। विधानसभा में कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुनाव लडऩे वाले करीब 42 नेता लंच पर नहीं पहुंचे। इसके अलावा लोकसभा में पार्टी टिकट पर चुनाव लडऩे वाले तीन प्रत्याशी भी इस लंच पार्टी में नहीं आए। कांग्रेस के अग्रणी संगठन युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी भी मौजूद नहीं थे।

नहीं पहुंचे कट्टर समर्थक, धर्माणी की मौजूदगी ने चौंकाया

वीरभद्र सिंह अपने जन्मदिन के मौके पर होलीलॉज में हर साल कार्यक्रम करते हैं। इस साल कोरोना के चलते वह कार्यक्रम आयोजित नहीं कर पाए थे। ऐसे में उन्होंने अपने करीबियों के लिए यह दावत रखी थी। वीरभद्र सिंह, उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह और बेटे विक्रमादित्य सिंह ने सभी नेताओं को फोन कर लंच का न्योता दिया था। बावजूद इसके वीरभद्र सिंह के कई कट्टर समर्थक इस लंच में नहीं पहुंचे। हालांकि कुछ नेता ऐसे भी थे जो वीरभद्र सिंह का विरोध करते थे। जैसे पूर्व सीपीएस राजेश धर्माणी ने होली लॉज पहुंच कर सभी को चौंका दिया।

विरोधियों ने पहले बनाई थी रणनीति

कांग्रेस पार्टी में चली खींचतान के बीच विरोधी धड़े ने पहले ही लंच में न जाने की रणनीति बना दी थी। विरोधी पार्टी अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर का विरोध कर रहे थे। उन्होंने पहले ही कह दिया था कि यदि वह लंच में आएंगे तो उनकी तरफ से कोई इसमें भाग नहीं लेगा। लेकिन राठौर ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि यह गैर राजनीतिक कार्यक्रम है। इसलिए वह इसमें शामिल होंगे।

ये पहुंचे होली लॉज

कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, जगत सिंह नेगी, विनय कुमार, सुंदर ठाकुर, नंदलाल, राजेंद्र राणा, अनिरूद्ध सिंह, पवन काजल, मोहन लाल ब्राक्टा, इंद्र दत्त लखनपाल मौजूद थे। इसके अलावा पूर्व मंत्री रहे ठाकुर सिंह भरमौरी, चंद्र कुमार, जगजीवन पाल, राजेश धर्माणी, कुलदीप पठानिया, संजय रतन, हरीष जनार्था, हर्ष महाजन, प्रकाश चौधरी, केवल सिंह पठानिया सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

चार पूर्व अध्यक्ष सहित ये दिग्गज नहीं आए

कांग्रेस पार्टी के चार पूर्व अध्यक्षों सहित दिग्गज नेता होली लॉज नहीं पहुंचे। इनमें कौल सिंह ठाकुर, रामलाल ठाकुर, हर्षवर्धन चौहान, आशा कुमारी, जीएस बाली, सुखविंद्र सिंह सुक्खू, सुधीर शर्मा, कर्नल धनी राम शांडिल, सतपाल सिंह रायजादा, लखविंद्र सिंह राणा, सुजान सिंह पठानिया और आशीष बुटेल के अलावा कुलदीप कुमार, सुरेंद्र पाल, करनेज जंग, यादवेंद्र गोमा नहीं पहुंचे।

ठाकुर सिंह भरमौरी की नाटी ने मचाया धमाल

होली लॉज के प्रांगण में सभी नेता इक्‍ट्ठा हुए। राजनीतिक चर्चाओं के बीच पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने नाटी डाली। उन्होंने अपने पारंपरिक अंदाज में नाटियां और लोकगीत प्रस्तुत कर होली लॉज पहुंचे नेताओं का खूब मनोरंजन किया। वहीं अजय बहादुर ने भी शायरी की।

chat bot
आपका साथी