पुलिस भर्ती फर्जीवाड़े में 22 आरोपितों को जमानत

हिमाचल प्रदेश में पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा में हाईटेक नकल को लेकर विवादों में रही धांधली में आरोपित 22 व्यक्तियों को न्यायालय से जमानत मिल गई है। उपमंडल पालमपुर के भवारना पुलिस थाना में इस मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा इस मामले में जांच अधिकारी थे।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Nov 2019 09:35 PM (IST) Updated:Tue, 19 Nov 2019 09:35 PM (IST)
पुलिस भर्ती फर्जीवाड़े में 22 आरोपितों को जमानत
पुलिस भर्ती फर्जीवाड़े में 22 आरोपितों को जमानत

जागरण संवाददाता, पालमपुर : पुलिस भर्ती लिखित परीक्षा फर्जीवाड़े में 22 आरोपितों को जमानत मिल गई है। भवारना पुलिस थाना में इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा मामले में जांच अधिकारी थे। उन्होंने जांच के दौरान 32 आरोपितों के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया था।

प्रदेश में सुर्खियों में रहे इस मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े थे। साथ ही लिखित परीक्षा को भी रद करते हुए दोबारा से आयोजन करवाना पड़ा था। जिला कांगड़ा के परौर में राधास्वामी सत्संग ब्यास परिसर में बनाए गए केंद्र में यह फर्जीवाड़ा हुआ था। इसके बाद सरकार ने प्रदेशभर में ही परीक्षा को रद कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में जांच करते हुए पंजाब और हरियाणा, उत्तर प्रदेश व राजस्थान से आरोपितों को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान खुलासा हुआ था कि किस प्रकार से गिरोह ने सुनियोजित तरीके से परीक्षार्थियों के स्थान पर सॉल्वरों को अंदर पहुंचाया और उन्हें नकल करवाते हुए परीक्षा को पास करवाने का प्रयास किया था। यह कोशिश में कामयाब भी हो जाती मगर गुप्तचर विभाग को इस बारे में जानकारी मिल गई और गिरोह का भंडाफोड़ हो गया था। भवारना पुलिस ने इस मामले में जांच करते हुए 32 आरोपितों के खिलाफ चालान पेश किया। हालांकि अभी तक फर्जीवाड़े के मुख्य सरगना को पकड़ने में पुलिस को सफलता हाथ नहीं लगी है।

.....................

यह था मामला

बीते 11 अगस्त को राधास्वामी सत्संग परिसर परौर में पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया था। यहां सीआइडी को सूचना सूचना मिली थी कि एक गिरोह हाइटेक सिस्टम से परीक्षार्थियों को नकल करवाएगा। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल से जुड़े गिरोह के सदस्यों को पकड़ा था। बाद में प्रदेश सरकार ने परीक्षा रद कर दी थी और आठ सितंबर को फिर से लिखित परीक्षा का आयोजन करवाया और 11188 युवाओं ने इसमें भाग लिया था।

.....................

सोमवार को न्यायालय से 22 आरोपितों को जमानत मिली है। पुलिस ने 32 आरोपितों के खिलाफ चालान पेश किया है। अभी मामले की जांच की जा रही है। मुख्य सरगना की तलाश कर रहे हैं। आशा है उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

-अमित शर्मा, डीएसपी, पालमपुर

chat bot
आपका साथी