रूठों को कांग्रेस में वापस लिया जाएगा : सुक्खू

By Edited By: Publish:Thu, 10 Apr 2014 01:34 AM (IST) Updated:Thu, 10 Apr 2014 01:34 AM (IST)
रूठों को कांग्रेस में वापस लिया जाएगा : सुक्खू

संवाद सहयोगी, बैजनाथ : कांग्रेस को छोड़कर गए व निष्कासित किए गए लोग जल्द पार्टी में आएंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बैजनाथ में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि रूठों को जल्द पार्टी में ले लिया जाएगा और इसके लिए प्रयास शुरू हो गए है। ब्लॉक कांग्रेस व जिला कांग्रेस से एक प्रकिया के तहत इन्हें वापस लिया जाएगा।

सुक्खू ने कहा कि आज लड़ाई विचारधारा की है। एक विचारधारा देश को जोड़ना चाहती है तथा एक विचारधारा देश को तोड़ना चाहती है। कांग्रेस ऐसी पार्टी है, जिसने देश को कभी तोड़ने के लिए काम नहीं किया। प्रधानमंत्री वह होता है जो गरीब का दर्द समझे या फिर नई योजनाएं लाए। आज देश तथा प्रदेश में जितना भी विकास हुआ है, वह सब कांग्रेस पार्टी की देन है। कांग्रेस के नेताओं ने ही देश की एकता और अखंडता बचाने के लिए अपने प्राण दिए। अन्य किसी भी पार्टी के नेताओं ने ऐसा नहीं किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चाहे भ्रष्टाचार को दूर करने के लिए कानून हो या फिर मनरेगा जैसी योजना हो यह सब कांग्रेस की देन है। महिलाओं को आरक्षण कांग्रेस पार्टी ने दिया।

इस मौके पर विधायक किशोरी लाल, चुनाव पर्यवेक्षक प्रेम नाथ, जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुमन वर्मा, कैप्टन जगदीश राणा, मिलाप राणा, रमेश चड्ढा, राजेश राणा, सुरेश शर्मा, बाल कृष्ण बंटी, कमलेश, कुलदीप सोनी, कृष्ण कुमार, कुशल, राम प्रकाश, सुदेश व इंद्र नंदा आदि मौजूद थे। इससे पहले सुक्खू ने बैजनाथ में कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया।

पालमपुर में कांग्रेस कार्यालय का किया शुभारंभ

पालमपुर : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुक्खविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को पालमपुर का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने यहां कांग्रेस के कार्यालय का शुभारंभ किया तथा इसके बाद वह सीधे बैजनाथ चले गए। इस दौरान कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे। वहीं, पालमपुर से ही कांग्रेस के ही कुछ कार्यकर्ताओं को भी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष के आने की जानकारी नहीं थी। इसके बाद सुक्खू ने बैजनाथ में कार्यकर्ताओं को एकता का पाठ भी पढ़ाते हुए कांग्रेस से बाहर हुए कार्यकर्ताओं को वापस पार्टी में लाने की बात भी कहीं, लेकिन पालमपुर अब भी गुटबाजी साफ झलक रही है।

chat bot
आपका साथी