भाजपा में मेहनत व कांग्रेस में परिवारवाद से बनता है नेता : सिकंदर

कांग्रेस में परिवार के कारण नेता बनते हैं और आरएसएस के

By JagranEdited By: Publish:Sun, 15 May 2022 05:40 PM (IST) Updated:Sun, 15 May 2022 05:40 PM (IST)
भाजपा में मेहनत व कांग्रेस में परिवारवाद से बनता है नेता : सिकंदर
भाजपा में मेहनत व कांग्रेस में परिवारवाद से बनता है नेता : सिकंदर

जागरण संवाददाता, हमीरपुर : कांग्रेस में परिवार के कारण नेता बनते हैं और आरएसएस के विचार से जनित भाजपा में कार्यकर्ता मेहनत की योग्यता पर नेता बनता है। उसी का उदाहरण आज देश के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति और प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हैं। मेरे जैसे वंचित व गरीब परिवार के लड़के को राज्यसभा में मनोनीत कर अनुसूचित समाज का मान बढ़ाया है। यह बात नवनियुक्त राज्यसभा सदस्य डा. सिकंदर कुमार ने हमीरपुर के टाउन हाल में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व व नीतियों के कारण भारत जल्द ही कांग्रेसमुक्त होगा। वर्ष 2022 में हिमाचल में भी भाजपा कार्यकर्ताओं के दम पर मिशन रिपीट कर कांग्रेस मुक्त अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा। भाजपा ने अनुसूचित जाति समाज को वोट बैंक न मानकर एक समान आगे बढ़ने के अवसर का भी सृजन किया।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने मुझे नौकरी के दौरान मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए लंबी वकीलों की फौज चार साल खड़ी रखी लेकिन प्रदेश न्यायालय का निर्णय मेरे पक्ष में आया।

उन्होंने बताया कि आज चाहे हिमाचल में जयराम सरकार हो या केंद्र में मोदी सरकार दोनों ही सरकारों की योजनाएं गरीब, पिछड़े, शोषित समाज को आर्थिक व सामाजिक रूप से संबल बनाने के लिए बनाई गई है।

सिकंदर ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद बुलाकर बूथ पर भाजपा सरकार की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने में सकारात्मक भूमिका अदा करने की नसीहत दी।

सिकंदर कुमार ने कार्यक्रम के बाद जिला अनुसूचित जाति मोर्चा व जिला भाजपा पदाधिकारियों की बैठक को भी संबोधित किया। बैठक के पश्चात कार्यकर्ता मिलन कार्यक्रम के तहत प्रो सिकंदर कुमार ने गांव कोट के एक बूथ पर कार्यकर्ता के घर जाकर भोजन किया।

chat bot
आपका साथी