जरूरतमंदों का सहारा बनी गरीब असहाय संस्था

गरीबों की मदद कर रही असहाय संस्था

By JagranEdited By: Publish:Sun, 16 Feb 2020 06:12 PM (IST) Updated:Mon, 17 Feb 2020 06:20 AM (IST)
जरूरतमंदों का सहारा बनी गरीब असहाय संस्था
जरूरतमंदों का सहारा बनी गरीब असहाय संस्था

दीनानाथ शास्त्री, जाहू

जज्बा नेक इरादे का हो तो लोगों का सहयोग भी मिलता है। ऐसे ही इरादे को लेकर डॉ. पीसी सैणी ने असहाय लोगों की सेवा के लिए संस्था बनाई थी। अब इस संस्था के 104 स्थायी सदस्य बन गए हैं। वहीं, करीब 1500 सहयोगी सदस्य हैं। गरीब असहाय संस्था भरेड़ी वर्ष 2019-20 तक 34 लाख रुपये की मदद जरूरतमंदों को दे चुकी है। संस्था के सदस्य हर माह 50-50 रुपये का सहयोग करते हैं।

भोरंज उपमंडल के भरेड़ी निवासी सेवानिवृत्त खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पीसी सैणी ने पांच जनवरी 2003 को गरीबों के स्वास्थ्य और प्रतिभावान बच्चों की पढ़ाई व प्राकृतिक आपदा के समय लोगों की आर्थिक मदद करने के उद्देश्य से गरीब असहाय सहायता संस्था का गठन किया था। गठन के समय संस्था के केवल 40 सदस्य थे। अब पंजाब, हरियाणा, बिहार, पश्चिम बंगाल से लेकर कनाडा तक से लोग संस्था से जुड़े हैं। डॉ. पीसी सैणी ने बताया कि संस्था 300 गरीब परिवारों की लड़कियों की शादी में आर्थिक मदद दे चुकी है। 50 लोगों को कृत्रिम अंग, 58 लोगों की आंखों के ऑपरेशन, कैंसर रोगियों व बेसहारा लड़कियों की शिक्षा में आर्थिक सहायता की है।

--------

दो वर्ष बाद होता है चुनाव

संस्था की वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल मार्च में पूरा हो रहा है। चुनाव अप्रैल में होंगे। दो साल बाद कार्यकारिणी का चुनाव होता है। संस्था के कार्यो में पारदर्शिता के लिए हर माह कमेटी की बैठक होती है। इसी तरह हर वर्ष के अंत में आम सभा होती है। वर्तमान में संस्था के अध्यक्ष अरुण कुमार, उपाध्यक्ष डॉ. पीसी सैणी, महासचिव कर्म चंद सहगल, संयुक्त सचिव जेसी शर्मा, मुख्य कोषाध्यक्ष त्रिनांक चंद, संयुक्त कोषाध्यक्ष रमेश शर्मा, प्रेस सचिव बीआर सुमन, सदस्य अमरजीत सिंह, तारा चंद, मुंशी राम, हरनाम सिंह, धर्मानी देवी, निर्मला देवी, सुलक्षणा देवी, आरआर उप्पल, स्वरूप सैणी (कांगड़ा), केसी सैणी (दिल्ली), रणजीत सैणी, कनाडा में रहने वाले सुशांक सैणी आदि शामिल हैं।

chat bot
आपका साथी