धर्मशाला के रजत शेटी बने नायब तहसीलदार

धर्मशाला के श्यामनगर निवासी रजत शेटी ने नायब तहसीलदार की परीक्षा में प्रदेशभर में चौथा स्थान हासिल किया है।

By Edited By: Publish:Sun, 19 Aug 2018 10:09 PM (IST) Updated:Mon, 20 Aug 2018 02:16 PM (IST)
धर्मशाला के रजत शेटी बने नायब तहसीलदार
धर्मशाला के रजत शेटी बने नायब तहसीलदार

धर्मशाला, जेएनएन। धर्मशाला के श्यामनगर निवासी रजत शेटी नायब तहसीलदार बने हैं। उन्होंने नायब तहसीलदार की परीक्षा में प्रदेशभर में चौथा स्थान हासिल किया है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन के तहत परीक्षा दी थी। रजत शेटी के पिता पूर्व नौसैनिक कृष्ण शेटी धर्मशाला में ही दुकान करते हैं, जबकि उनकी माता वीना शेटी पूर्व प्रिंसिपल हैं। रजत के भाई राजीव शेटी कॉलेज प्राध्यापक हैं और भाभी डॉ. मोनिका शर्मा धर्मशाला कॉलेज में सहायक प्रोफेसर के पद पर तैनात हैं।

रजत की प्रारंभिक शिक्षा दयानंद मॉडल पब्लिक स्कूल धर्मशाला से हुई और कॉमर्स विषय में स्नातक उन्होंने धर्मशाला कॉलेज से की है। सेना में जाने का लक्ष्य रखकर उन्होंने 24 एसएसबी बेंगलुरू में सीडीएस परीक्षा भी उत्तीर्ण की, लेकिन में मेडिकल अनफिट होने के कारण बाहर हो गए। इसके बाद उन्होंने पिता के साथ दुकान में हाथ बंटाने के साथ ऑल इंडिया रेडियो के धर्मशाला स्टेशन में सेवाएं देना शुरू की। इसके बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं में जाने का मन बनाकर अध्ययन शुरू किया। रजत ने पिछले वर्ष एलाइड परीक्षा में प्रदेश भर में चौथा रैंक हासिल किया था, लेकिन उनका चयन नहीं हो पाया था। रजत शेटी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है।

उनका कहना है कि प्रशासनिक सेवाओं में आकर वह आम लोगों की समस्याओं को सुलझाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने युवाओं के लिए संदेश दिया है कि वे सबसे पहले अपनी प्राथमिकताएं तय करें और उसके बाद पूरी लग्न से जुट जाएं तो सफलता अवश्य मिलती है। युवाओं को जनरल नॉलेज के साथ हिंदी और अंग्रेजी विषय में अपनी पकड़ मजबूत बनानी चाहिए।

chat bot
आपका साथी