कूहलों ने भरी किसानों की झोली

जापान में प्रयोग की जा रही माइक्रो इरिगेशन की तरफ हिमाचल बढ़ेगा।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 12 Feb 2020 09:16 PM (IST) Updated:Thu, 13 Feb 2020 06:21 AM (IST)
कूहलों ने भरी किसानों की झोली
कूहलों ने भरी किसानों की झोली

नीरज व्यास, कांगड़ा

जापान में प्रयोग की जा रही माइक्रो इरिगेशन की तरफ हिमाचल भी बढ़ेगा। इसके लिए जायका (जापान इंटरनेशनल कॉरपोरेशन एजेंसी) के साथ मिलकर सिंचाई की इस तकनीक के तहत काम कर फसल पैदावार को और बढ़ाया जाएगा। जापान सूक्ष्म से सूक्ष्म सिचाई योजनाओं का प्रयोग कर रहा है, जिससे उत्पादन शक्ति बढ़ रही है। वहीं हिमाचल में सिचाई कूहलों के माध्यम से हो रही है। जायका परियोजना के तहत प्रदेश में बनी कूहलों से फसल पैदावार बढ़ने के साथ विविधता भी आई है। प्रदेश में जहां भी कूहलों से सिंचाई होती है वहां किसानों की आय में लगातार बढ़ोतरी हुई है। हालांकि ज्यादातर कूहलों पर कब्जे भी हुए हैं या देखरेख के अभाव में यह लुप्त हो रही हैं।

प्रदेश में जायका के प्रोजेक्ट कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर, मंडी व बिलासपुर जिलों में ही चल रहे हैं। इसमें पहले चरण में कूहलों को व्यवस्थित किया गया। दूसरे चरण में फसल विविधिकरण है, जिसमें परंपरागत फसलें जैसे गेहूं, मक्की व धान के अलावा नकदी फसलों से किसानों को जोड़ना है। तीसरे चरण में फार्म तक सड़क सुविधा का होना है। जिन खेतों तक सड़क नहीं थी, उन्हें जायका के तहत संपर्क मार्गों से जोड़ा गया है। प्रदेश में जायका के तहत 210 परियोजनाओं काम हो रहा है। कांगड़ा में 78 प्रोजेक्टों पर काम हुआ है, जिसमें कूहलें व संपर्क मार्ग शामिल हैं। कांगड़ा में आठ व प्रदेश में 23 कलेक्शन सेंटर बनाए हैं, जहां पर किसान अपनी सब्जियां बेच रहे हैं। ------------------

मैंने कार्यशाला में भाग लिया। किसानों से बातचीत की गई। प्रजेंटेशन, नई तकनीक और नए उत्पाद देखे। इसके लिए हिमाचल को बधाई देता हूं। कुछ खेतों का दौरा भी किया। यह देखकर काफी संतुष्ट हूं कि जायका प्रोजेक्ट से कांगड़ा के किसानों की आय सात फीसद तक बढ़ी है। जायका के तहत किसान विकास की नई गाथा लिख रहे हैं। प्रोजेक्ट अभी आगे भी जारी रहेगा।

-अकामिन कैंगो, अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ प्रतिनिधि, जायका इंडिया ---------------

सदरपुर व ढुगियारी क्षेत्रों का दौरा किया

जायका के तहत हुए कार्य देखने के लिए देश सहित जापान के प्रतिनिधियों ने सदरपुर व ढुगियारी पंचायत का भ्रमण किया। इसके तहत राम सिंह के खेतों में लगाई स्प्रिंकल सिंचाई और सदरपुर में खेतों में उगे उत्पादों की लगाई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। जायका के 80 प्रतिनिधियों ने सदरपुर में पगडंडी कूहल का दौरा किया।

chat bot
आपका साथी