छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोपित शिक्षक गिरफ्तार

थाना भवारना के तहत आते राजकीय उच्च विद्यालय में छात्राओं से छेड़छाड़ करने के मामले में आरोपित शिक्षक बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित शिक्षक ने धर्मशाला कोर्ट में जमानत के लिए याचिका दायर की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया और

By JagranEdited By: Publish:Wed, 14 Nov 2018 08:37 PM (IST) Updated:Wed, 14 Nov 2018 08:37 PM (IST)
छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोपित शिक्षक गिरफ्तार
छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोपित शिक्षक गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, पालमपुर : थाना भवारना के तहत राजकीय उच्च विद्यालय में छात्राओं से छेड़छाड़ करने के मामले में आरोपित शिक्षक को बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित शिक्षक ने धर्मशाला कोर्ट में जमानत के लिए याचिका दायर की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया और उसके बाद पुलिस ने उक्त आरोपित शिक्षक कमलजीत को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस आरोपित शिक्षक को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेगी। लगभग 27 छात्राओं ने अपने ही स्कूल के शिक्षक के खिलाफ प्राचार्य को छेड़छाड़ करने की लिखित शिकायत दी थी। आरोपित शिक्षक कमलजीत के खिलाफ पुलिस ने पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था।

बता दें कि संबंधित स्कूल की लगभग 27 छात्राओं ने 31 अक्टूबर को अपने स्कूल के प्राचार्य को लिखित में शिकायत दी थी कि भाषा अध्यापक उनके साथ छेड़छाड़ करते हैं तथा प्रश्न का उत्तर न देने पर उनकी बाजू को पकड़कर निजी अंगों को छूने का प्रयास करते हैं। शिकायत के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राचार्य ने पहले इसकी जानकारी अपने उच्चाधिकारियों को दी और विभागीय जांच के बाद छह नवंबर को प्राचार्य ने ऑनलाइन मामले की शिकायत भवारना थाना में की। शिकायत होने के बाद शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षक को सस्पेंड कर दिया है। वहीं स्कूलों में छुट्टियां खत्म होने के बाद मंगलवार को सभी छात्राओं के बयान पुलिस ने कलमबद्ध किए। छात्राओं ने जो शिकायतपत्र प्राचार्य को दिया, उसी पर कायम रहते हुए अपने बयान दर्ज करवाए। वहीं अब आरोपित शिक्षक की कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका के रद होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है तथा अब न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।

एसपी कांगड़ा संतोष पटियाल ने मामले की पुष्टि की है। वहीं शिक्षक की गिरफ्तारी के बाद शिक्षा विभाग भी उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर सकता है, क्योंकि विभाग के उपनिदेशक ने पहले ही कहा था कि पुलिस विभाग की कार्रवाई के बाद ही विभाग अपनी अगली कार्रवाई को अंजाम देगा।

chat bot
आपका साथी