शांता-धूमल की गैरमौजूदगी में जयराम सत्ती ने दिए टिप्स, सोशल मीडिया से देंगे प्रचार को धार

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने चुनौतियों से पार पाने के साथ ही सक्रिय रहने के टिप्स भी दिए।

By BabitaEdited By: Publish:Mon, 09 Jul 2018 09:28 AM (IST) Updated:Mon, 09 Jul 2018 11:30 AM (IST)
शांता-धूमल की गैरमौजूदगी में जयराम सत्ती ने दिए टिप्स, सोशल मीडिया से देंगे प्रचार को धार
शांता-धूमल की गैरमौजूदगी में जयराम सत्ती ने दिए टिप्स, सोशल मीडिया से देंगे प्रचार को धार

ज्वालामुखी, दिनेश कटोच। ज्वालामुखी में भाजपा के विभिन्न मोर्चों की राज्यस्तरीय बैठक में आगे बढ़ने के साथ ही अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव पर मंथन हुआ। मां ज्वाला के दर सभी मोर्चों के पदाधिकारियों को 2019 के मंत्र का जाप करवाया गया। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं शांता और धूमल की गैरमौजूदगी में नई पीढ़ी के नेताओं ने युवाओं में जोश भरने के साथ ही नसीहत भी दी। लोकसभा चुनाव में फिर से चारों सीटों पर जीत दर्ज करवाने का संकल्प भी दिलवाया गया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने चुनौतियों से पार पाने के साथ ही सक्रिय रहने के टिप्स भी दिए।

प्रदेश में तबादलों को लेकर नाराजगी भी पदाधिकारियों में रही लेकिन नेतृत्व ने नसीहत दी कि तबादलों में न उलझकर पदाधिकारी विकास पर ध्यान दें और विकास के मुद्दे को जनता के बीच जाकर भुनाएं। इसके अलावा पार्टी पदाधिकारियों को लोकसभा चुनाव नजदीक आते देख एक बार फिर से सक्रिय होने की नसीहत दी गई। मोर्चा पदाधिकारियों को जीत का मंत्र देते हुए वरिष्ठ नेतृत्व ने केंद्र की योजनाओं को धरातल तक ले जाने के लिए कड़ी मेहनत करने का पाठ पढ़ाया। पार्टी प्रदेश में चारों सीटें जीते, इसके लिए विकास के प्रचार-प्रसार को सोशल मीडिया में भी ले जाने पर जोर दिया गया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दौरे से पहले यह बैठक इसलिए भी  महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे निकले मंथन के बाद ही लोकसभा चुनाव की अगली रणनीति तय की जाएगी। 

मुख्यमंत्री ने संगठन पर डाली जिम्मेदारी

बैठक से सांसद शांता कुमार व पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने किनारा ही रखा। संगठन के तय कार्यक्रम के अनुसार दोनों ही नेताओं ने बैठक में भाग लेना था लेकिन इनकी गैरहाजिरी पर पार्टी के किसी भी वरिष्ठ नेता के पास स्पष्ट जवाब नहीं था। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सिर्फ इतना ही कहा कि यह संगठन की जिम्मेदारी है कि वह क्या तय कर रहा है।

संगठन व सरकार में हुई मंत्रणा

मोर्चों के पदाधिकारियों की बैठक के बाद संगठन व सरकार के बीच मंत्रणा भी हुई। पार्टी अध्यक्ष सतपाल सत्ती की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश के तीनों महामंत्री कृपाल परमार, राम सिंह व चंद्र मोहन ठाकुर, संगठन मंत्री पवन राणा, उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर, सांसद वीरेंद्र कश्यप, अनुराग ठाकुर व रामस्वरूप भी मौजूद रहे। इस दौरान बैठक में निकले निष्कर्ष पर चर्चा भी हुई।

मेरी बेटियां एक हफ्ते के लिए विदेश से आई हैं। मैं उनके साथ हूं और इस बारे में पहले ही प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती को बता दिया था। यही वजह है कि ज्वालामुखी में हुई बैठक में नहीं जा पाया हूं। 

-शांता कुमार, सांसद

 तीन दिन पहले दिल्ली आया था। अभी भी यहीं हूं। यहां पर व्यस्तता के कारण बैठक में नहीं आ सका। 

-प्रेम कुमार धूमल, पूर्व मुख्यमंत्री

 शांता, धूमल और नड्डा से लेता हूं सलाह तो कांग्रेस को पीड़ा क्यो

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि वह सांसद शांता कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से समय-समय पर सलाह देते हैं। तीनों वरिष्ठ हैं और इनसे सलाह लेने से कांग्रेस के लोगों को पीड़ा क्यों होती है। मुख्यमंत्री रविवार को ज्वालामुखी में भाजपा के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों की  राज्यस्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, प्रदेश की चारों सीटें जीतकर केंद्र में मोदी सरकार बनाने में शत प्रतिशत योगदान करेंगे।

प्रदेश में सरकार व संगठन मिलकर बेहतर कार्य कर रहे हैं। विपक्ष के कुछ नेता प्रदेश सरकार के केंद्र से बेहतर समन्वय को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए आधारहीन वक्तव्य जारी कर रहे हैं। प्रदेश सरकार केंद्र से छह माह के बीच ही 4365 करोड़ की विकासात्मक परियोजनाएं स्वीकृत करवाने में सफल रही है और यह कांग्रेस को रास नहीं आ रहा है।

हिमाचली टोपी प्रदेश की संस्कृति का गौरव है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग संकुचित हितों के कारण लोगों को टोपी के रंग के आधार पर बांटने का प्रयास करते हैं। बकौल जयराम, कांग्रेस नेता चाहें तो वे भी नाटी डाल सकते हैं लेकिन संस्कृति के नाम पर टिप्पणी जायज नहीं है।

ये रहे मौजूद

इस मौके पर उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, महामंत्री कृपाल परमार, सांसद अनुराग ठाकुर, सांसद, वीरेन्द्र कश्यप, सांसद राम स्वरूप शर्मा, संगठन महामंत्री पवन राणा, महिला मोर्चा अध्यक्ष इंदु गोस्वामी, युवा मोर्चा अध्यक्ष विशाल चौहान, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष सूरत नेगी, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष डॉ. सिकंदर सिंह, अन्य पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष उत्तम चौधरी, अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष राजबली, किसान मोर्चा के अध्यक्ष बलदेव भंडारी के अलावा करीब साढ़े तीन सौ प्रतिनिधियों ने बैठक में  भाग लिया।

chat bot
आपका साथी