पहाड़ियों ने ओढ़ी बर्फ की चादर, शीतलहर तेज

जिला चंबा में शनिवार को मौसम के करवट बदलने से बारिश व हिमपात का दौर शुरू हुआ।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 05:53 PM (IST) Updated:Sat, 27 Feb 2021 05:53 PM (IST)
पहाड़ियों ने ओढ़ी बर्फ की चादर, शीतलहर तेज
पहाड़ियों ने ओढ़ी बर्फ की चादर, शीतलहर तेज

जागरण टीम, चंबा/पांगी : जिला चंबा में शनिवार को मौसम के करवट बदलने से बारिश व हिमपात का दौर शुरू हो गया। निचले व मध्यम ऊंचाई वाले स्थानों में दिनभर बारिश जारी रही। पांगी घाटी में हिमपात से लोग घरों में कैद होकर रह गए। उपमंडल पांगी मुख्यालय किलाड़ में ढाई इंच तक हिमपात हुआ। घाटी के चस्क भटौरी व मुर्छ में करीब 13 से 14 इंच तक हिमपात दर्ज किया गया। भरमौर, सलूणी तथा तीसा की ऊंची पहाड़ियों ने भी बर्फ की चादर ओढ़ ली। इससे जिला में शीतलहर तेज हो गई है।

बारिश व हिमपात के बावजूद शनिवार शाम तक यातायात सामान्य रहा। काफी समय से जिला में न तो बारिश और न हिमपात हो रहा था। इस कारण किसानों व बागवानों को फसल की चिता सताने लगी थी। चंबा जिला में शनिवार को बारिश व हिमपात से किसानों व बागवानों के चेहरे खिल गए हैं। उन्हें बेहतर फसल होने की उम्मीद जगी है। पांगी में हिमपात होने से सेब की अच्छी फसल के लिए चिलिग आवर पूरे होंगे। वहीं, अन्य क्षेत्रों में गेहूं की फसल पर मंडरा रहे संकट के बादल भी फिलहाल छंट गए हैं। मौसम साफ होने पर पांगी घाटी के लोग गेहूं की बिजाई का काम शुरू करेंगे।

------ सतर्क रहें लोग

पांगी घाटी में हिमपात का दौर शुरू हो गया है। लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि हिमपात के दौरान लोगों को किसी भी तरह की दिक्कत पेश न आए।

सुखदेव राणा, आवासीय आयुक्त पांगी।

-------- अधिक जरूरी हो तभी घर से निकलें

चंबा जिला में बारिश व हिमपात का दौर शुरू होने के बाद लोग घरों से बाहर तभी निकलें जब अधिक जरूरी हो। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि व्यवस्था बनाए रखें।

डीसी राणा, उपायुक्त चंबा।

--------

पांगी में हिमपात का दौर काफी समय के बाद शुरू हुआ है। हिमपात बागवानी व कृषि के लिए काफी मायने रखता है। निश्चित तौर पर पांगी घाटी के लोगों को इसका काफी लाभ मिलने वाला है।

हरि राम, कृषि विकास अधिकारी, पांगी।

chat bot
आपका साथी