मेडिकल कॉलेज में उड़ रही शारीरिक दूरी की धज्जियां

साहब! यह कैसी शारीरिक दूरी है। यहां पर तो एक बेड पर दो से तीन मरीजों को भर्ती किया जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 06 Jun 2020 11:29 PM (IST) Updated:Sun, 07 Jun 2020 06:23 AM (IST)
मेडिकल कॉलेज में उड़ रही शारीरिक दूरी की धज्जियां
मेडिकल कॉलेज में उड़ रही शारीरिक दूरी की धज्जियां

जागरण संवाददाता, चंबा : साहब! यह कैसी शारीरिक दूरी है। यहां पर तो एक बेड पर दो से तीन मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में इन दिनों शारीरिक दूरी के नियमों की धज्जियां उड़ रही है। कॉलेज प्रबंधन द्वारा मरीजों को भर्ती करने के लिए कोई भी उचित व्यवस्था नहीं की जा रही है।

यहां भर्ती किए गए मरीजों के तीमारदारों का आरोप है एक ओर स्वास्थ्य विभाग लोगों को घर-घर जाकर शारीरिक दूरी का पाठ पढा रहा है तो दूसरी ओर स्वयं इस नियम का पालन करना भूल गया है। मेडिकल कॉलेज में मरीजों की अधिक संख्या होने के कारण कॉलेज प्रबंधन द्वारा एक बेड पर दो-दो मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। साथ ही यहां पर मरीजों से मिलने के लिए आने वाले स्वजनों के लिए कोई रोकटोक न होने के कारण शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो रहा है। लोगों ने कॉलेज प्रबंधन से मांग की है कि मेडिकल कॉलेज में शारीरिक दूरी के नियम का उचित पालन करवाने के लिए व्यवस्था की जाए।

मेडिकल कॉलेज चंबा में रोजाना सैकड़ों लोग उपचार करने के लिए पहुंच रहे हैं, जिनमें से गंभीर बीमारी वाले मरीजों को दाखिल किया जा रहा है, लेकिन यहां पर बेडों की कमी होने के कारण एक बैड़ पर दो-दो मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज में शारीरिक दूरी के नियम का सख्ती से पालन करने के आदेश दिए है। मैं स्वयं रोजाना औचक निरीक्षण भी कर रहा हूं। बावजूद इसके यदि नियमों की अवहेलना की जा रही है तो उसकी जांच करके उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

-राजेश गुलेरी, चिकित्सा अधीक्षक मेडिकल कॉलेज चंबा।

--

सभी विभागों के अध्यक्षों को शारीरिक दूरी के नियम का पालन करने के आदेश दिए हैं। मेडिकल कॉलेज के लिए भी पहले से आदेश जारी किए हैं। बावजूद इसके अगर नियमों का पालन नहीं हो रहा है तो यह एक गंभीर विषय है। कॉलेज प्रबंधन से बात करके सख्ती से नियमों का पालन करवाया जाएगा।

-विवेक भाटिया, उपायुक्त चंबा।

chat bot
आपका साथी