सुदली के जगदीश चौथी बार बने प्रधान

उपमंडल डलहौजी के तहत मंगलवार को दूसरे चरण के पंचायती राज चुनाव में ग्राम पंचायत सुदली से जहां जगदीश पठानिया चौथी बार प्रधान चुने गए हैं वहीं ग्राम पंचायत बनीखेत में अरुण राणा प्रधान बने हैं।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Jan 2021 06:09 AM (IST) Updated:Thu, 21 Jan 2021 06:09 AM (IST)
सुदली के जगदीश चौथी बार बने प्रधान
सुदली के जगदीश चौथी बार बने प्रधान

विशाल सेखड़ी, डलहौजी

उपमंडल डलहौजी के तहत मंगलवार को दूसरे चरण के पंचायती राज चुनाव में ग्राम पंचायत सुदली से जहां जगदीश पठानिया चौथी बार प्रधान चुने गए हैं, वहीं ग्राम पंचायत बनीखेत में अरुण राणा प्रधान बने हैं। ग्राम पंचायत सुदली में जलशक्ति विभाग से सेवानिवृत्त हुए रणजीत सिंह व ग्राम पंचायत बनीखेत में विश्वजीत सिंह (कालू) उपप्रधान चुने गए हैं।

मंगलवार को उक्त दोनों पंचायतों में चुनाव परिणाम घोषित होते ही जश्न का माहौल दिखा। लोगों ने दोनों पंचायतों में नवनिर्वाचित प्रधानों व उपप्रधानों को कंधों पर उठाकर विजय जुलूस निकाले। वहीं ग्राम पंचायत बनीखेत के प्रधान अरुण राणा व उपप्रधान विश्वजीत सिंह ने जीत के बाद अपने समर्थकों के साथ स्थानीय नाग देवता मंदिर में जाकर माथा टेका। उनके साथ बनीखेत पंचायत के वार्ड नंबर- दो से पंच निर्वाचित मधुरेश राणा, वार्ड नंबर-तीन से पंच निर्वाचित हर्ष भंडारी, वार्ड नंबर-चार से पंच निर्वाचित रणजीत कुमार थे।

मालूम हो कि उपमंडल डलहौजी के तहत आने वाले विकास खंड भटियात की ग्राम पंचायत सुदली की बागडोर बतौर प्रधान जगदीश पठानिया जिन्हेंलोग प्यार से जग्गो प्रधान कहते हैं, ने पहली बार वर्ष, 2000 में संभाली थी। जिसके बाद अपनी स्वच्छ व मिलनसार छवि के चलते जगदीश पठानिया वर्ष, 2005 के पंचायती राज चुनाव में फिर से प्रधान चुने गए। लगातार दो बार पद पर सेवाएं देते हुए जगदीश पठानिया ने पंचायत का भरपूर विकास करवाया व लोगों में अपनी पकड़ मजबूत की। लेकिन वर्ष, 2010 में पंचायत का प्रधान पद महिला आरक्षित हो जाने से वह चुनाव नहीं लड़ सके। वर्ष, 2010 में पंचायत के लोगों के आग्रह पर जगदीश पठानिया की पत्नी सरोज पठानिया ने चुनाव लड़ा और पंचायत वासियों ने सरोज पठानिया को प्रधान चुनकर जगदीश पठानिया के परिवार को तीसरी बार पंचायत की बागडोर सौंपी। इसके बाद वर्ष, 2015 में जगदीश पठानिया तीसरी बार सुदली पंचायत के प्रधान बने। वहीं अब वर्ष, 2021 के चुनाव में जनता के आशीर्वाद से जगदीश पठानिया चौथी बार प्रधान चुने गए हैं।

कुछ ऐसा ही बनीखेत पंचायत में देखने को मिला है। ग्राम पंचायत बनीखेत में प्रधान बने अरुण राणा पहली बार वर्ष, 2005 में वार्ड पंच का चुनाव जीतने के बाद वार्ड पंचों की सहमति से पंचायत के उपप्रधान बने थे। जिसके बाद वर्ष, 2010 में पंचायत के लोगों ने उन्हें प्रधान चुना। इसके बाद वर्ष, 2015 के चुनावों में पंचायत का प्रधान पद महिला आरक्षित होने के चलते अरुण राणा को उपप्रधान पद का चुनाव लडऩा पड़ा और उन्होंने जीत दर्ज की। वहीं इस बार के पंचायत चुनावों में फिर से प्रधान पद का चुनाव लड़कर अरुण राणा बनीखेत पंचायत के प्रधान बने हैं। लगातार चौथी बार जनप्रतिनिधि चुने जाने से अरुण राणा ने भी कीर्तिमान स्थापित किया है।

chat bot
आपका साथी