चंबा-तीसा मार्ग पर फिर हुआ भूस्खलन

चंबा-तीसा मार्ग पर रखालू माता मंदिर के समीप मंगलवार रात को पहाड़ी दरक गई जिस कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 16 Oct 2019 04:34 PM (IST) Updated:Thu, 17 Oct 2019 06:20 AM (IST)
चंबा-तीसा मार्ग पर फिर हुआ भूस्खलन
चंबा-तीसा मार्ग पर फिर हुआ भूस्खलन

संवाद सहयोगी, तीसा : चंबा-तीसा मार्ग पर रखालू माता मंदिर के समीप मंगलवार रात को पहाड़ी दरक गई, जिस कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई। लोक निर्माण विभाग ने बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे मार्ग को बहाल किया जिसके बाद वाहन चालकों व सवारियों ने राहत की सांस ली।

मंगलवार देररात मंदिर के पास भूस्खलन शुरू हो गया और बड़ी-बड़ी चट्टानें सड़क पर आ गिरीं। बुधवार सुबह जब वाहन चालक वाहनों को लेकर इस मार्ग से गुजर रहे थे तो उन्होंने पाया कि मार्ग भूस्खलन के कारण बंद हो गया है। इस पर लोक निर्माण विभाग को सूचना दी गई। लोक निर्माण विभाग मंडल चुराह ने मशीनरी व कर्मचारियों को मौके पर भेजा। मार्ग बंद होने के कारण निगम और निजी बसें भी निर्धारित रूट पर नहीं पहुंच पाई। दिनभर मार्ग सुचारू न होने की सूरत में नौकरी-पेशा लोगों व अन्य कामगारों को पहाड़ी के रास्ते से चढ़कर दूसरे छोर पर पहुंचा पड़ा।

इन दिनों चंबा-तीसा मार्ग को चौड़ा करने का कार्य किया जा रहा है। रखालू मंदिर के पास पहाड़ी की कटाई का कार्य किया जा रहा है। गनीमत रही कि जिस दौरान पहाड़ी दरकी तब आसपास कोई नहीं था अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। सड़क के बंद होने से वाहन चालकों सहित सवारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

इससे पहले बीते सोमवार को भी मार्ग पर भारी मलबा आ गिरा था, जिस कारण यातायात बुरी तरह से प्रभावित हो गया था। करीब आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को लोक निर्मांण विभाग ने बहाल किया था। बारिश के दिनों में भी अकसर चंबा-तीसा मार्ग विभिन्न जगह भूस्खलन के चलते बंद हो जाता है।

---------

चंबा-तीसा मार्ग पर भारी भूस्खलन हो गया था, जिस कारण यातायात प्रभावित हुआ था। विभाग द्वारा मशीनरी तथा कर्मचारियों की मदद से मार्ग को करीब ढाई बजे बहाल करवा दिया गया।

-हर्ष पुरी, अधिशाषी अभियंता, लोक निर्माण विभाग तीसा।

chat bot
आपका साथी