लूहणी में भूस्खलन से चंबा-होली मार्ग बंद

चंबा-होली मार्ग पर लूहणी के समीप रविवार दोपहर भूस्खलन हो गया, जिस कारण यहां पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 19 Aug 2018 08:08 PM (IST) Updated:Sun, 19 Aug 2018 08:08 PM (IST)
लूहणी में भूस्खलन से चंबा-होली मार्ग बंद
लूहणी में भूस्खलन से चंबा-होली मार्ग बंद

संवाद सूत्र, चन्हौता : चंबा-होली मार्ग पर लूहणी के समीप रविवार दोपहर भूस्खलन हो गया, जिस कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है। इसके बाद मार्ग को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। मार्ग बंद होने से वाहन चालकों व लोगों को काफी परेशान होना पड़ा।

रविवार दोपहर करीब तीन बजे लूहणी के समीप भूस्खलन हो गया, जिस कारण भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा। इस दौरान मार्ग पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। गनीमत रही कि जिस समय मार्ग पर भूस्खलन हुआ, उस वक्त वहां से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था, नहीं तो कोई अनहोनी हो सकती थी। मार्ग बंद होने से होली से आने-जाने वाली सभी बसों व अन्य निजी वाहनों को मार्ग के बहाल होने का इंतजार करना पड़ा। इससे दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई। मार्ग के बंद होने की सूचना के उपरांत विभाग ने मार्ग को बहाल करवाने का कार्य शुरू किया। लेकिन, इस दौरान मार्ग पर काफी अधिक मात्रा में मलबा व शिलाएं आ गिरी थीं, ऐसे में मार्ग को बहाल करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। देर शाम तक भी मार्ग को यातायात के लिए बहाल नहीं किया जा सका था।

---------

रविवार को चंबा-होली मार्ग पर लूहणी घार के समीप भूस्खलन होने के कारण मार्ग बंद हो गया। मार्ग को बहाल करवाने के लिए कार्य करवाया जा रहा है। जल्द ही इसे बहाल कर वाहन चालकों व लोगों को राहत प्रदान कर दी जाएगी।

अजय नाग, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग होली।

chat bot
आपका साथी