Chamba News: पांगी घाटी के 30 अंदरूनी मार्ग अभी भी बंद, विभाग ने नहीं खोली वित्तीय बिड; लोगों को हो रहीं दिक्कतें

पांगी घाटी के अंदरूनी मार्ग बंद अभी भी बंद पड़े हुए हैं। लोक निर्माण विभाग के पास दो जेसीबी है जो दोनों ही खराब पड़ी हुई हैं। विभाग की ओर से वित्तीय विड को नहीं खोला गया जिस कारण ठेकेदार कार्य करने को तैयार नहीं हैं। विभाग का कहना है कि 12 मार्गों को बहाल कर दिया गया है जबकि करीब 30 संपर्क मार्गों को बहाल करना बाकी है।

By mithun thakur Edited By: Deepak Saxena Publish:Sun, 11 Feb 2024 06:16 PM (IST) Updated:Sun, 11 Feb 2024 06:16 PM (IST)
Chamba News: पांगी घाटी के 30 अंदरूनी मार्ग अभी भी बंद, विभाग ने नहीं खोली वित्तीय बिड; लोगों को हो रहीं दिक्कतें
पांगी घाटी के 30 अंदरूनी मार्ग अभी भी बंद, विभाग ने नहीं खोली वित्तीय बिड।

संवाद सहयोगी, पांगी। जिला चंबा की पांगी घाटी में मौसम खुले करीब एक सप्ताह का समय बीत गया है। लेकिन लोक निर्माण विभाग पांगी घाटी के अंदरूनी मार्गों को बहाल करने में नाकामयाब रहा है। हालत यह है कि विभाग की दो जेसीबी हैं। लेकिन दोनों ही खराब पड़ी हुई हैं। वहीं, बर्फ हटाने के लिए निविदाएं तो आमंत्रित की थी। लेकिन लोक निर्माण विभाग की ओर से वित्तीय बिड को नहीं खोला गया है, जिस कारण कोई भी ठेकेदार बर्फ हटाने का कार्य नहीं कर रहा हैं।

ऐसे में लोगों की ओर से तरह-तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं। जिला चंबा के जनजातीय उपमंडल पांगी में जनवरी माह के अंत व फरवरी माह की शुरुआत में करीब तीन से चार फीट बर्फबारी हुई थी। इसके कारण घाटी का संपर्क समस्त विश्व से कट गया था। सीमा सड़क संगठन ने तुरंत प्रभाव से तीन से चार दिनों में ही तांदी-संसारी और संसारी-गुलावगढ़ मार्ग को बहाल कर लोगों को देश-प्रदेश से जोड़ दिया था।

30 संपर्क मार्गों को किया जाना बहाल

इसके विपरीत लोक निर्माण विभाग अंदरूनी मार्गों को बहाल करने में नाकाम रहा है। हालांकि, विभाग का कहना है कि 12 मार्गों को बहाल कर दिया गया है, जबकि करीब 30 संपर्क मार्गों को बहाल करना बाकी है। ऐसे में बुजुर्गों, मरीजों, महिलाओं तथा बच्चों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। वर्तमान समय में पांगी में जुकारू त्योहार मनाया जा रहा है। त्योहार को लेकर लोग एक गांव से दूसरे गांव में अपनों से मिलने जाते हैं।

पांगी मुख्य मार्ग से जुड़े चलाए जाएंगे पांच बस रूट

वहीं, पांगी प्रशासन ने कुछ दिन पहले लोगों को आश्वस्त किया था कि पांगी मुख्य मार्ग से जुड़े पांच बस रूट चलाए जाएंगे। लेकिन, जिस तरह से लोक निर्माण विभाग ने अंदुरूनी मार्गों को खोलने में दिलचस्पी नहीं दिखाई है। उससे एक बात तो साफ है कि विभाग प्रशासन के अधिकारियों की भी नहीं सुनता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पांगी में पूर्ण रूप से व्यवस्था परिवर्तन दिख रहा है।

60 से 70 फीसदी पिघल गई बर्फ

बर्फबारी से निपटने के लिए कोई इंतजाम न करना यह दिखा रहा है कि शासन-प्रशासन में कोई तालमेल नहीं है। इससे पहले भी बर्फबारी होती थी। लेकिन, मौसम खुलते ही विभिन्न मार्गों को खोलने के लिए मशीनें लगाई जाती थीं। पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है कि मार्गों को बहाल नहीं किया जा रहा है। वैसे भी 60 से 70 फीसदी बर्फ पिघल गई है। बची हुई बर्फ जल्द खत्म हो जाएगी। अब तो विभाग टेंडर खोलता भी है तो खाली ठेकेदारों को फायदा पहुंचना एक दिखाई दे रहा है।

इसलिए नहीं कर रहे मशीनों के मालिक सड़क खोलने का काम

सूत्रों के अनुसार, पांगी में बर्फबारी होते ही ठेकेदार अपनी जेसीबी घुमानी शुरू कर देते थे। इसके बाद अपनी इच्छा अनुसार टेंडर लगवाते थे। गत वर्ष सरकार ने बिना टेंडर किए कार्य करवाने पर रोक लगा दी थी। जिस कारण कई मशीन मालिकों के टेंडर नहीं लग पाए। वहीं, विभाग ने भी बिना टेंडर कार्य न करने से इंकार कर दिया। इस बार लोक निर्माण विभाग ने 11 मशीनों के टेंडर करवाए हैं। उनकी तकनीकी बिड खोली जानी है।

ये भी पढ़ें: Bilaspur Crime News: एम्स बिलासपुर में ट्रेनी डॉक्टर ने की आत्महत्या, तनाव के चलते चौथी मंजिल से कूदकर दी जान

लोनिवि की दो जेसीबी हो चुकी हैं नकारा

जानकारी के मुताबिक, दो साल पहले लोक निर्माण विभाग पांगी मंडल को दो जेसीबी दी गई थीं। लेकिन, तकनीकी खराबी के कारण एक किलाड़ में और दूसरी साचपास में खड़ी हैं। सूत्रों के अनुसार, जब भी पांगी के लिए मशीनें या अन्य सामग्री खरीदी जाती है तो विभागीय अधिकारियों को विश्वास में लिए बिना थोपी जाती है। मैदानी क्षेत्रों में चलने वाली मशीनरी पहाड़ों में हांफ जाती है। ऐसे में विभाग अपंग हो जाता है।

लोक निर्माण विभाग पांगी के अधिशाषी अभियंता दिनेश कुमार शर्मा ने कहा कि मै सोमवार तक पांगी पहुंच जाऊंगा। जल्द वित्तीय बिड को खोलकर बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। विभाग के पास दो जेसीबी हैं, जोकि तकनीकी खराबी के कारण चढ़ाई वाली सड़कों पर नहीं चल रही हैं। समतल में काम कर सकती हैं। इनको भी चलाया जाएगा।

ये भी पढ़ें: Kullu Accident: पैराग्लाइडिंग करते समय महिला की गिरकर मौत, साइट पर लगा प्रतिबंध; पायलट गिरफ्तार

chat bot
आपका साथी