दूसरी पार्टी के नेताओं को न होने दें हावी

By Edited By: Publish:Thu, 18 Sep 2014 01:42 AM (IST) Updated:Thu, 18 Sep 2014 01:42 AM (IST)
दूसरी पार्टी के नेताओं को न होने दें हावी

उपचुनाव के परिणामों से भाजपा को लगा करारा झटका : सुक्खू

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने बुधवार को तीसा में ली बैठक

संवाद सूत्र, तीसा : कांग्रेस के किसी भी समारोह में दूसरी पार्टी के नेताओं को हावी नहीं होने दिया जाएगा। सरकार जो निर्णय लेती है उसमें कांग्रेसी नेताओं की भागीदारी सामांतर हो और उन्हें बराबर रुतबा दिया जाए। यह बात कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को तीसा में आयोजित पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में कही।

उन्होंने कहा कि प्रदेश काग्रेस कमेटी लोगों की समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाकर उनका निवारण करने का हरसंभव प्रयास करेगी। प्रदेश में जो विकास हुआ है वह काग्रेस की ही देन है। सुक्खू ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी मिलजुल कर एक उद्देश्य के साथ बिना किसी भेदभाव के पार्टी की मजबूती के लिए काम करें। सुक्खू ने कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली भाजपा सरकार को कुछ राज्यों में हुए विधानसभा उपचुनाव के परिणामों से करारा झटका लगा और लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की ध्रुवीकरण की राजनीति को पूरी तरह से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि अब देश की जनता भाजपा के झासे में नहीं आने वाली है इन चुनाव में लोगों ने भाजपा को आइना दिखा दिया है।

इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने शुक्राली नाला पुल के उद्घाटन के मौके पर भाजपा विधायक को तरजीह दिए जाने का विरोध प्रदेशाध्यक्ष के समक्ष दर्ज करवाया। कांग्रेसी नेता पवन नैय्यर ने प्रदेशाध्यक्ष का स्वागत करके समृति चिंह भेंट किया। जिला अध्यक्ष सुरेंद्र भारद्वाज ने इन्हें टोपी व शॉल भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शाम लाल दुग्गल, युकां अध्यक्षक परवेज अली बट्ट, हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली बटुट, बीडीसी अध्यक्ष केके महाजन, बीसीसी महासचिव धर्म पाल अत्री, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष मान सिंह ठाकुर, बीडीसी सदस्य राणो देवी, ठाकुरी देवी, एफएससी अध्यक्ष अब्दुल मजीद, तीसा दो पंचायत के प्रधान गुलाम रसूल, विनोद, भुवनेश्वर गौड व सक्रिय कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर चुराह विस क्षेत्र के जयराम व जयदयाल उपप्रधान गुलेई ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थामा।

chat bot
आपका साथी