गुरु रविदास सभा ने किया प्रदर्शन

गुरु रविदास सभा के बैनर तले विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने बिलासपुर में प्रदर्शन किया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 17 Nov 2020 06:04 PM (IST) Updated:Tue, 17 Nov 2020 06:04 PM (IST)
गुरु रविदास सभा ने किया प्रदर्शन
गुरु रविदास सभा ने किया प्रदर्शन

संवाद सहयोगी, बिलासपुर : गुरु रविदास सभा के बैनर तले विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने बिलासपुर के चंपा पार्क में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब दो महीने पहले स्वारघाट पुलिस थाने व महिला पुलिस थाने में दुष्कर्म पीड़िता व उसकी मां के साथ प्रताड़ना पर रोष जताया गया। प्रदेश सरकार से इस मामले में दोषी पुलिस अधिकारियों को सस्पेंड करने की मांग की गई।

गुरु रविदास सभा बैरी रजांदियों के प्रधान टीडी बंसल ने कहा कि करीब दो माह पहले एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ था। इस मामले में दोषी सलाखों के पीछे हैं। उन्होने आरोप लगाया कि इस मामले में पहले स्वारघाट पुलिस थाने व बाद में बिलासपुर महिला पुलिस थाने में जांच अधिकारी ने पीडि़ता व उसकी मां को प्रताड़ित किया। उन्होंने पुलिस पर जांच के दौरान पीड़िता के साथ मारपीट का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस मामले की शिकायत छह अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक से की गई थी। इसके बावजूद आज तक पुलिस विभाग ने दोषी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।

वहीं, सैनिक समता दल के प्रदेश उपाध्यक्ष अमरजीत ने कहा कि पुलिस विभाग ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ न कोई कार्रवाई की है और न उन्हें बदला है। उन्होने सरकार से मांग की है कि जिन पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने पीड़िता व उसकी मां को प्रताड़ित किया है, उन्हें सस्पेंड किया जाए। इस दौरान रीना पुंडीर सहित अन्य नेताओं ने प्रदेश सरकार को चेताया कि यदि इस मामले में दोषी पुलिस अधिकारियों व कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आमरण अनशन व भूख हड़ताल की जाएगी। प्रदर्शन में गुरु रविदास संत समाज से संत रविद्र दास, गुरमुख व राम कृष्ण के अलावा मंडी, सोलन व ऊना जिले के लोगों ने भी हिस्सा लिया।

chat bot
आपका साथी