आसमान से बरसी आफत, सड़कें बनीं तालाब, सेक्टरों का सबसे बुरा हाल

आसमान से आफत बनकर बरसी अब तक की भारी बारिश से शहर में बाढ़ जैसे हालत बन गए हैं। तालाब बनी सड़कों पर वाहन चालक जूझते नजर आए।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 Aug 2020 10:54 PM (IST) Updated:Fri, 14 Aug 2020 06:17 AM (IST)
आसमान से बरसी आफत, सड़कें बनीं तालाब, सेक्टरों का सबसे बुरा हाल
आसमान से बरसी आफत, सड़कें बनीं तालाब, सेक्टरों का सबसे बुरा हाल

जागरण संवाददाता, सोनीपत : आसमान से आफत बनकर बरसी अब तक की भारी बारिश से शहर में बाढ़ जैसे हालत बन गए हैं। तालाब बनी सड़कों पर वाहन चालक जूझते नजर आए। शहर के निचले क्षेत्रों में घरों व दुकानों में पानी घुस गया। नागरिक अस्पताल व सब्जीमंडी परिसर तालाब की तरह नजर आया। निकासी की व्यवस्था के सारे प्रशासनिक दावे पानी में बह गए। सेक्टर-15 स्थित विधायक आवास के बाहर तीन फुट तक पानी जमा हो गया। लोग घरों से पानी निकालने के लिए मशक्कत करते नजर आए। निगम आयुक्त ने स्थिति का जायजा लेकर अधिकारियों को निकासी के निर्देश दिए हैं।

बुधवार आधी रात को शुरू हुई बारिश दोपहर तक होती रही। बुधवार रात 12 बजे से बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे तक जिले में 139 एमए बारिश हो चुकी थी। भारी बारिश के चलते शहर की सड़कों पर जलभराव से दुपहिया वाहन के साथ ही चार पहिया वाहन भी बंद हो गए। शहर के गोहाना रोड, सेक्टर-14 मार्केट, ककरोई रोड, मिशन चौक, शनि मंदिर अंडरब्रिज, गीता भवन, तिरंगा चौक, सेक्टर-15, विवेकानंद, न्यू ब्रह्म कॉलोनी में जलभराव हो गया। शनि मंदिर अंडरब्रिज के नीचे 10 फुट से भी ज्यादा पानी भर गया। वहीं, अन्य मार्गों पर भी जलभराव होने से वाहनों की कतार लग गई। इसके चलते लोग जाम में फंसे रहे। वहीं, लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए अन्य वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना पड़ा। पॉश सेक्टर-14-15 से गुजरना मुश्किल

शहर के सबसे पॉश सेक्टर-14-15 में बारिश के बाद सबसे खराब हालात थे। सेक्टर-14 की मुख्य मार्केट के अलावा सेक्टर की हर सड़क पर जलभराव था। वहीं सेक्टर-15 में माननीयों के आवास के पास और डीएवी स्कूल वाली सड़क पर भी भारी जलभराव रहा। बारिश के दौरान इस सड़क पर दोपहिया और चार पहिया वाहन बंद रहे। लाइनपार क्षेत्र का शहर से संपर्क कटा

सुबह भारी बारिश के बाद रेलवे लाइनपार बसे क्षेत्र का मुख्य शहर से संपर्क कट गया। लाइनपार को जोड़ने वाले शनि मंदिर अंडरपास में दस फुट से अधिक और उसकी बगल वाली सड़क पर तीन-चार फुट पानी भरा था। वहीं गीता भवन फ्लाईओवर के खत्म होते ही ककरोई चौक, तिरंगा चौक से छोटूराम चौक तक जाने वाली सड़क पर लबालब पानी भरा था। वहीं गोहाना बाईपास से जीटी रोड तक जाने वाले मार्ग पर स्थित अंडरपास में पानी भरने से लोग इस मार्ग से नहीं गुजर सके।

पानी निकासी की व्यवस्था के लिए पूरे शहर का जायजा लिया गया है। जहां कही निकासी की दिक्कत मिली है वहां कर्मचारियों को सुधार के निर्देश दिए गए है। कई जगह पर पंपसेट लगाकर भी पानी की निकासी की जा रही है।

- जगदीश शर्मा, आयुक्त, नगर निगम

chat bot
आपका साथी