धान खरीद कर दिया 18.91 लाख का चेक, बाद में बंद करवाया बैंक अकाउंट, पांच पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज

अनाज मंडी की एक फर्म से धान खरीद मामले में 18 लाख 91 हजार रुपये ठ

By JagranEdited By: Publish:Fri, 21 Feb 2020 12:03 AM (IST) Updated:Fri, 21 Feb 2020 06:16 AM (IST)
धान खरीद कर दिया 18.91 लाख का चेक, बाद में बंद करवाया बैंक अकाउंट, पांच पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज
धान खरीद कर दिया 18.91 लाख का चेक, बाद में बंद करवाया बैंक अकाउंट, पांच पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज

जागरण संवाददाता, सिरसा : अनाज मंडी की एक फर्म से धान खरीद मामले में 18 लाख 91 हजार रुपये ठगे जाने मामले में शहर थाना पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया है। अनाज मंडी की दुकान नंबर 164 ए के संचालक अजय कुमार नारंग की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी करने के आरोप में सिगला इंडस्ट्रीज गांव सिकंदरपुर के संचालक विपिन सिगला, अनु सिगला, मंजू सिगला, मुखिया भीम सिगला व सोनू सिगला निवासी सुभाष बस्ती बेगू रोड के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

शहर थाना में दी शिकायत में अजय नारंग ने बताया कि वह भगत राम अजय कुमार नारंग फर्म का संचालक है। इस फर्म के द्वारा नरमा, धान आदि फसलों को कच्चे माल के तौर पर प्राइवेट कंपनियों, फैक्ट्रियों, फर्मो व सरकारी व गैर सरकारी विभागों को बेचता है। अजय नारंग ने बताया कि उसके सिगला इंडस्ट्रीज के संचालकों के साथ काफी समय से अच्छे व्यापारिक संबंध थे तथा आपस में व्यापार करते थे। आरोपितों ने उसकी फर्म से धान खरीदा था। जिसके चलते उनकी तरफ की हमारी असल राशि बकाया रह गई थी। इसकी एवज में फर्म के पार्टनरों विपिन सिगला, अनु सिगला या मंजू सिगला व वर्किंग मुखिया भीम सिगला व सोनू सिगला ने एक पोस्ट डेटिड चेक दिया था। 18 लाख 91 हजार तीन रुपये के इस चेक पर आरोपितों ने 25 अक्टूबर 2019 की तिथि अंकित की थी और भरोसा दिलाया कि यह चेक लगा दो कैश हो जाएगा। जब उसने 25 अक्टूबर 2019 को चेक को अपने खाते में लगाया। यह चेक जब आरोपितों के खाते में क्लीयर होने के लिए गया तो वहां से चेक उसी दिन वापस लौटा दिया गया। मीमो में बताया गया कि आरोपितों ने अपने बैंक खाते बंद किए हुए है। अजय नारंग ने आरोप लगाया कि आरोपितों ने जान-बूझकर उसे चेक देकर अपना खाता बंद कर दिया, ताकि उसे राशि न अदा करनी पड़े और वे उसे हड़प सके। शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

-----------------

अमेरिका भेजने के नाम पर ठगे पांच लाख

जागरण संवाददाता, सिरसा : विदेश भेजने के नाम पर एक ठग ने कई युवाओं से लाखों रुपये हड़प लिए। एक पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को आरोपित शमशेर सिंह, उनकी बेटी व पुत्र के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। पीड़ित लख्मी सिंह का कहना है कि आरोपित शमशेर सिंह ने उसके पुत्र पठान सिंह को अमेरिका भेजने के नाम पर उससे पांच लाख रुपये हड़पे हैं। आरोपित से जब भी रुपये वापस मांगे तो वह बदले में जान से मारने की धमकी देता है।

गांव नेजाडेला कलां निवासी लख्मी सिंह ने बताया कि उसके चाचा प्रेम सिंह पर एक केस सिरसा कोर्ट में चल रहा है। जून 2018 को लख्मी चाचा के संग कोर्ट गया था। यहां उसकी मुलाकात गांव सिकंदरपुर निवासी शमशेर सिंह से हुई। शमशेर सिंह ने लख्मी से कहा कि उसका पूरा परिवार विदेश में रहता है। उसके लिक एंबेसी में भी अच्छे हैं। लख्मी ने शमशेर सिंह से कहा कि वो भी अपने पुत्र पठान सिंह को अमेरिका भेजा चाहता है।

शमशेर सिंह ने कहा कि सात लाख रुपये लगेंगे और उसे अमेरिका में पेट्रोल पंप पर नौकरी लगवा दूंगा। हर महीने उसे ढाई लाख रुपये मिलेंगे। इसके बाद शमशेर सिंह ने अपने बेटे नवनीत से उसे फोन करवाने शुरू कर दिए। नवनीत ने पठान सिंह से कहा कि फरवरी 2020 के अंतिम सप्ताह में तुम्हारा वीजा लग जाएगा। लख्मी सिंह ने शमशेर सिंह पर भरोसा करके उसे पांच लाख रुपये दे दिए। विभिन्न बैंकों से राशि आरोपित शमशेर सिंह के खाते में डाली गई। कुछ दिन पहले लख्मी ने शमशेर सिंह से कहा कि तुम सारे पैसे ले चुके हो, लेकिन तुमने अभी तक मेरे पुत्र पठान सिंह का वीजा नहीं लगवाया। शमशेर सिंह ने जवाब देते हुए कहा कि मैंने तुमसे रुपये हड़पने के लिए साजिश रची थी। एसएसपी ने लख्मी की शिकायत पर कार्रवाई के निर्देश पुलिस अधिकारी को दिए हैं। अधिकारी कृष्ण लाल ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

chat bot
आपका साथी