पेयजल संकट पर सड़क पर उतरे दयाल सिंह नगर वासी

By Edited By: Publish:Fri, 05 Sep 2014 10:38 PM (IST) Updated:Fri, 05 Sep 2014 10:38 PM (IST)
पेयजल संकट पर सड़क पर उतरे दयाल सिंह नगर वासी

जागरण संवाददाता, सिरसा : तीन दिनों से पेयजल संकट से जूझ रहे दयाल सिंह नगर के लोग शुक्रवार सायं सड़कों पर आए और कंगनपुर रोड की रेलवे फाटक पर रोड जाम कर दिया। गुस्साए सैकड़ों महिला-पुरुषों ने जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारी लाल चंद, संजय कुमार, रविंद्र कुमार, सतेंद्र, बलकार, विजय, अर्जुन, ममता, शांति, गुड़िया, फातिमा, सुखविंद्र कौर, पार्षद जगदीश सचदेवा ने बताया कि दयाल सिंह नगर में पिछले तीन दिनों से पेयजल आपूर्ति नहीं की जा रही है। पानी के लिए मोहल्ले में हाहाकार मचा हुआ है। लोगों के जरूरत के काम प्रभावित हो रहे हैं। यहां तक नहाने के लिए भी पानी नहीं है। उन्हें या तो पानी खरीदना पड़ रहा है या दूसरी कालोनियों से लाना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि उन्होंने पानी समस्या के प्रति विभाग को भी शिकायत की है मगर कोई समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने पेयजल किल्लत के चलते मजबूरी में जाम लगाना पड़ा। जाम की सूचना पाकर मौके पर विभाग के जेई मंगत राम पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारी लोगों को समझाने का प्रयास किया मगर वे नहीं माने और पेयजल आपूर्ति किए जाने की बात पर अड़े रहे। पार्षद जगदीश सचदेवा ने कहा कि वे लोगों के साथ एक्शियन से मिले हैं। उन्होंने कहा कि एक्शियन ने उनकी समस्या का हल न करते हुए जवाब दिया कि अब तो बारिश हो गई, पानी की क्या जरूरत है। बरसात के पानी को पी लें। देर रात तक भी लोग कंगरपुर रोड फाटक पर जाम लगाए हुए थे और पुलिस विभाग की ओर से कोई अधिकारी मौके पर लोगों की समस्या सुनने नहीं पहुंचा था। लोग पेयजल आपूर्ति शुक्रवार को किए जाने की मांग पर अड़े हुए थे।

chat bot
आपका साथी