पीजीआइडीएस में इलेक्ट्रिक चेयर पर होगा मरीजों का उपचार

पुनीत शर्मा रोहतक देश में तीसरे नंबर के डेंटल कालेज पीजीआइडीएस में अब मरीजों के इल

By JagranEdited By: Publish:Fri, 15 Nov 2019 07:21 PM (IST) Updated:Sat, 16 Nov 2019 06:19 AM (IST)
पीजीआइडीएस में इलेक्ट्रिक चेयर पर होगा मरीजों का उपचार
पीजीआइडीएस में इलेक्ट्रिक चेयर पर होगा मरीजों का उपचार

पुनीत शर्मा, रोहतक

देश में तीसरे नंबर के डेंटल कालेज पीजीआइडीएस में अब मरीजों के इलाज के लिए 81 आधुनिक चेयर खरीदी गई हैं। करीब तीन करोड़ की लागत से खरीदी गई इन चेयरों को इंस्टॉल करने के लिए एक माह का समय लगेगा। कालेज में अभी तक संचालित पुरानी चेयर को हटाकर नई चेयर लगाई जा रही हैं। नई चेयर के माध्यम से चिकित्सकों को इलाज के दौरान प्रयोग की जाने वाली विभिन्न प्रकार की मशीनरी और लाइट समेत अन्य सुविधाएं उक्त चेयर पर ही मिल सकेंगी।

पीजीआइडीएस (पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंस) में प्रतिदिन हजारों की संख्या में मरीज उपचार कराने के लिए पहुंचते हैं। अभी तक वर्ष 1995 में खरीदी गई चेयर पर मरीजों का उपचार किया जाता था। उक्त चेयर में चिकित्सकों के उपचार करने के लिए कोई सुविधा नहीं थी। जिसके चलते या तो पोर्टेबल मशीनों को चेयर के पास ले जाकर मरीजों का उपचार करना पड़ता था, या मरीज को मशीन के पास ले जाना पड़ता था। अब चिकित्सकों और मरीजों की परेशानी को दूर करते हुए कालेज में 81 नई चेयर खरीदी गई हैं। करीब ढाई लाख रुपये कीमत वाली इन आधुनिक चेयर में मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक मशीनरी और उपकरण फिट होने के साथ ही उपचार वाले स्थान पर लाइट का फोकस एडजस्ट करने की व्यवस्था होगी। इन चेयर के साथ अलग-अलग यूपीएस की भी व्यवस्था की गई है, जिससे बिजली सप्लाई बाधित होने की दशा में मरीजों के उपचार में बाधा उत्पन्न न हो। बताया जा रहा है कि करीब तीन करोड़ की लागत से खरीदी गई चेयर को स्थापित करने के लिए एक माह का समय लगेगा।

डेंटल कालेज रैंकिग में तीसरे नंबर पर है पीजीआइडीएस

पीजीआइडीएस प्रदेश का इकलौता ऐसा डेंटल कालेज है जो देश के शीर्ष डेंटल कालेजों में शीर्ष दस में स्थान हासिल कर पाया है। पिछले वर्ष डेंटल कालेज की रैंकिग नंबर चार थी, लेकिन कालेज में विद्यार्थियों के लिए आवश्यक संसाधन और यहां मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं के दम पर इस बार कालेज की रैंकिग में एक स्थान की छलांग लगाई थी। जिसके चलते वह देश के डेंटल कालेजों की सूची में तीसरे स्थान पर काबिज है।

--------

कालेज में मरीजों का उपचार और विद्यार्थियों को अधिक से अधिक प्रैक्टिकल ज्ञान देने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पूर्व में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने आधुनिक चेयर की खरीद के लिए मंजूरी दी थी। जिसके चलते अब चेयर खरीदी गई हैं, अधिकतम एक माह में इन चेयर को स्थापित कर मरीजों का आधुनिक तरीके से उपचार शुरू कर दिया जाएगा।

- डा. संजय तिवारी, प्राचार्य पीजीआइडीएस।

chat bot
आपका साथी