किसानों-मजदूरों को गुलाम बनाने वाली साजिश को बर्दाश्त नही करेंगे: सीटू

किसान मजदूर विरोधी कानूनों के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए 12 जनवरी को जिला उपायुक्त कार्यालय का मजदूरकर्मचारी घेराबंदी करते हुए आंदोलन को तेज करेंगे।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 10 Jan 2021 08:05 AM (IST) Updated:Sun, 10 Jan 2021 08:05 AM (IST)
किसानों-मजदूरों को गुलाम बनाने वाली साजिश को बर्दाश्त नही करेंगे: सीटू
किसानों-मजदूरों को गुलाम बनाने वाली साजिश को बर्दाश्त नही करेंगे: सीटू

जागरण संवाददाता, रोहतक :

किसान मजदूर विरोधी कानूनों के खिलाफ अभियान को तेज करते हुए 12 जनवरी को जिला उपायुक्त कार्यालय का मजदूर,कर्मचारी घेराबंदी करते हुए आंदोलन को तेज करेंगे। इस घेराबंदी की तैयारियों के लिए जिले के किलोई,धामड, रिठाल, शिमली, सुनारियां, मायना समेत कई गावों में सभाओं को सीटू जिला उपप्रधान सतबीर पाकस्मा,संजीव सिंह, जिला सह सचिव धर्मबीर हुड्डा और कामरेड विनोद ने संबोधित किया।

नेताओं ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने मजदूरों-कर्मचारियों व किसानों के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया है। लाखों किसान 45 दिन कड़कड़ाती ठंड और बारिश में भी सड़कों पर है। लेकिन सरकार चंद पूंजीपति घरानों के मुनाफों के लिए किसानों-मजदूरों को भुखमरी के कगार पर लाना चाहती है।

यदि सरकार जल्द मांगों का समाधान नहीं हुआ तो भाजपा के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों की घेराबंदी होगी। उन्होंने कहा कि 12 जनवरी को होने वाली घेराबंदी में जिले के हजारों भवन निर्माण और मनरेगा मजदूर, मिड डे मील, आशा, आंगनबाड़ी कर्मी ग्रामीण सफाई कर्मचारी, ग्रामीण चौकीदार, और औद्योगिक श्रमिक कर्मचारी हिस्सा लेंगे। सभाओं को मिड डे मील वर्कर्स यूनियन के जिला सचिव रीना, आशा वर्कर्स यूनियन की अनिता, ग्रामीण चौकीदार सभा के धर्मवीर, ठेका कर्मचारी नेता चांद सिंह एवं ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।

किसान आंदोलन को पूरा समर्थन : सुनीता

जागरण संवाददाता, रोहतक :

कांग्रेस भवन में शनिवार को जिला कांग्रेस सेवादल की बैठक हुई। अध्यक्षता एनसीआर प्रभारी सुनीता ने की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवादल किसान आंदेालन के साथ है। उन्होंने कहा कि 44 दिन से किसानों को धरना चल रहा है। लेकिन सरकार इसे गंभीरता से नहीं ले रही है। लगातार किसानों की जान जा रही है। इतनी संवेदनहीन सरकार आज तक नहीं देखी, जो अन्नदाता की मांगों को लेकर भी गंभीर नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा एमएसपी को लेकर चौथा कानून लाने की मांग कर चुके हैं, जो किसानों के हित में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवादल किसानों की लड़ाई में पूरी ताकत के साथ खड़ा है। जिलाध्यक्ष शहरी विजय ठेकेदार व महिला कांग्रेस सेवादल जिलाअध्यक्ष सुशीला रानी ने सेवादल की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नियुक्ति पत्र भी दिए। इसमें प्रदेश के पदाधिकारी भी मौजूद रहें।

chat bot
आपका साथी