26 तक मांगें नहीं मानी तो होगा बड़ा आंदोलन : योगेंद्र यादव

सरकार ने 26 जनवरी तक अगर मांगें नहीं मानी तो इस आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 13 Jan 2021 08:44 AM (IST) Updated:Wed, 13 Jan 2021 08:44 AM (IST)
26 तक मांगें नहीं मानी तो होगा बड़ा आंदोलन : योगेंद्र यादव
26 तक मांगें नहीं मानी तो होगा बड़ा आंदोलन : योगेंद्र यादव

संवाद सहयोगी, महम : केंद्र सरकार ने 26 जनवरी तक अगर मांगें नहीं मानी तो इस आंदोलन को और तेज किया जाएगा। यह बात किसान नेता योगेंद्र यादव ने कही। वे मंगलवार को मदीना टोल पर किसानों के धरने को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन कानून के दायरे में रहकर किया जा रहा है। कोर्ट ने शांतपूर्वक धरना देने के लिए किसानों को छूट भी दी है। किसान गणतंत्र दिवस पर संविधान के दायरे में रहकर शांतिपूर्ण ढंग से अपना आंदोलन जारी रखेंगे। किसान आंदोलन में 70 किसानों की मौत को कभी भूलाया नहीं जा सकता। किसानों ने ठान लिया है कि आंदोलन चाहे कितना भी लंबा चले, लेकिन तीनों कृषि कानूनों को रद करवाकर ही दम लेंगे। उन्होंने कहा कि कोर्ट की ओर से कोई फैसला नहीं आया है। किसान किसी कमेटी का हिस्सा नहीं हैं। तिरंगा देश की शान है। गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड बिल्कुल शांतिपूर्वक होगी। किसानों की मांगें जायज हैं, सरकार को किसानों की मांगें मान लेनी चाहिए। इस अवसर पर काफी संख्या में किसान धरने में मौजूद रहे। किसानों का कहना है कि जबकि आंदोलन जारी रहेगा, वे बढ़-चढ़कर आंदोलन में शामिल होंगे। किसान देश हित में आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलन को सभी का समर्थन मिल रहा है। मकडोली टोल पर किसान जलाएंगे कृषि कानूनों की प्रतियां

रोहतक : वहीं, मकडोली टोल पर किसान बुधवार को तीनों कृषि कानूनों की प्रतियां जलाएंगे। यहां मंगलवार को भी किसानों का धरना जारी रहा। आंदोलन को लेकर भारतीय किसान यूनियन अंबावता के प्रदेश अध्यक्ष अनिल नांदल उर्फ बल्लू प्रधान ने कहा कि आंदोलन के दौरान 13 जनवरी को तीन कृषि कानूनों की प्रतियां जलाई जाएंगी। वहीं, 14 जनवरी को मकडोली टोल प्लाजा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पुतले भी फूंके जाएंगे। आंदोलन को लेकर गठित कमेटी की अध्यक्षता कर रहे बल्लू प्रधान ने मंगलवार को गांव-गांव जाकर लोगों को संबोधित किया। बलियाना गांव में अठगामा उप प्रधान राजेश की अगुआई में ग्रामीण एकत्रित हुए। आंदोलन को अठगामा का पूरा समर्थन मिला है। वहीं, राजेश बलियाना ने कहा कि 26 जनवरी को दिल्ली कूच को लेकर जो भी निर्देश मिलेंगे, उनका पालन किया जाएगा। आंदोलन शांतिपूवर्क किया जा रहा है। इस दौरान जयपाल, रामफल, देवेंद्र, प्रमोद, पाले राम, यूनियन प्रधान बंटी, कृष्ण, सचिन माजरा, जीतू दूधिया व ओमबीर शामिल रहे।

chat bot
आपका साथी