राष्ट्रवाद की गहराई में जा चुका है देश : केशव प्रसाद

जागरण संवाददाता रोहतक देश की जनता में राष्ट्रवाद गहराई में प्रवेश कर चुका है और इस

By JagranEdited By: Publish:Thu, 21 Feb 2019 07:01 PM (IST) Updated:Thu, 21 Feb 2019 07:01 PM (IST)
राष्ट्रवाद की गहराई में जा चुका है देश : केशव प्रसाद
राष्ट्रवाद की गहराई में जा चुका है देश : केशव प्रसाद

जागरण संवाददाता, रोहतक : देश की जनता में राष्ट्रवाद गहराई में प्रवेश कर चुका है और इस स्थिति में जातिवाद का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। यह बात उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मोर्या ने कही। वह बृहस्पतिवार को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के टैगोर सभागार में भारत के मन की बात मोदी के साथ कार्यक्रम के तहत आयोजित टाऊन हॉल कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि समूचा विपक्ष मुद्दा विहीन हो चुका है और जातिवाद के आधार पर उन्हें सफलता नहीं मिल सकती, क्योंकि भाजपा की सरकार आने के बाद लोगों में राष्ट्रवाद की भावना और अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन को लेकर जनता में भारी गुस्सा है।

मोर्या ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान नकल करके शैक्षणिक डिग्रियां हासिल कर ली जाती थी और उसके बाद सिफारिशों के आधार पर नौकरियां प्राप्त की जाती थी। लेकिन भाजपा की सरकार ने नौकरियों में पारदर्शी व्यवस्था लागू की है। जिसके तहत मेरिट के आधार पर नौकरियां दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी परिवारवाद को प्रोत्साहित करते चली आ रही है जबकि दूसरी ओर भाजपा में परिवारवाद का कोई स्थान नहीं है। भाजपा में छोटे से छोटा कार्यकर्ता बड़े से बड़ा पद प्राप्त कर सकता है।

हरियाणा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस राज्य का किसानी व सेना दोनों में बहुत बड़ा योगदान है। इसके अलावा यहां के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय और ओलंपिक खेलों में अपना लोहा मनवाकर भारत का पूरे विश्व में नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में भाजपा की राज्य सरकार इमानदारी से काम करते हुए सभी वर्गो के कल्याण के लिए काम कर रही है। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को रेल के इंजन की संज्ञा देते हुए कहा कि वर्ष 2019 के चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए उन्हें इंजन की तरह काम करना होगा।

पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुरेश भट्ठ ने कहा कि चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी संगठन द्वारा अनेक कार्यक्रमों की रचना की गई है। मेरा परिवार भाजपा परिवार कार्यक्रम जारी है और इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता दस नए घरों में झंडे लगाएंगे। इसी प्रकार सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क किया जाएगा। जाएगा। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता जिस बूथ से सम्बंध रखता है उस क्षेत्र में कम से कम 50 झंडे लगाए जाएंगे। कमल ज्योति कार्यक्रम के तहत 26 फरवरी को सायं 6 बजे से लेकर 9 बजे तक लाभार्थी परिवारों के घरों पर दीए जलाए जाएंगे। 28 फरवरी को मंडल स्तर पर प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

2 मार्च को विधानसभा स्तर पर बाइक रैली निकाली जाएगी और हर बूथ से कम से कम पांच-पांच बाइक सवार प्रतिभागी बनेंगे। भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष मनीष यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की सरकार राष्ट्रवाद की विचारधारा वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की व्यवस्था में उल्लेखनीय परिवर्तन किया है और राजनैतिक विश्वसनीयता भी प्राप्त की है। यह रहे मौजूद

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी, मुख्यमंत्री के राजनैतिक सचिव दीपक मंगला, संगठन महामंत्री सुरेश भट्ठ, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष मनीष यादव, जिला अध्यक्ष अजय बंसल, कार्यक्रम के संयोजक विकास शर्मा, राजेश यादव, कपिल सहगल, भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अजय खुंडिया, सचिन दहिया, चेतना अरोड़ा, भरत गिरधर व नवनीत अत्री आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी