सूची से नाम गायब मिलने पर भाजपाइयों का हंगामा

By Edited By: Publish:Sat, 02 Aug 2014 01:03 AM (IST) Updated:Sat, 02 Aug 2014 01:03 AM (IST)
सूची से नाम गायब मिलने पर भाजपाइयों का हंगामा

जागरण संवाददाता, रोहतक :

भिवानी रोड स्थित एक गार्डन में भाजपा के कार्यकर्ता फीडबैक कार्यक्रम में पदाधिकारियों की सूची से नाम गायब मिलने पर करीब एक दर्जन भाजपाई भड़क गए और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी पार्टी के प्रदेश महामंत्री पर सूची से नाम गायब करने का आरोप लगा रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी भी की। मामला बिगड़ता देख पार्टी के पर्यवेक्षक कैलाश शर्मा ने सभी पदाधिकारियों की बात सुनीं और उनके नाम भी सूची में जुड़वाकर मामले को शांत कराया। हुआ यूं कि शुक्रवार को भाजपा की ओर से टिकट के दावेदारों का फीडबैक लेने के लिए निजी गार्डन में कार्यकर्ताओं से पर्चियां डलवाने का कार्यक्रम रखा गया था। यहां पर जब रोहतक विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बारी आई तो पार्टी के पदाधिकारियों की सूची में से करीब एक दर्जन पदाधिकारियों के नाम गायब मिले। ऐसे में इन कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया।

क्या कहते हैं पर्यवेक्षक : भाजपा पार्टी के रोहतक जिले के पर्यवेक्षक कैलाश शर्मा का कहना है कि पांच-दस पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम सूची में किसी कारणवश रह गए थे। जब नाम गायब मिले तो सूची में उनके भी नाम जोड़ दिए गए। कुछ देर कार्यकर्ताओं ने नाम न देखकर हंगामा किया था, मगर नाम जोड़े जाने के बाद मामला शांत हो गया। बाद में शांतिपूर्वक पर्ची डलवाई गई।

सूची में सिर्फ पदाधिकारियों के ही नाम डाले गए : भाटिया

इस बारे में पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश भाटिया ने बताया कि जिन पदाधिकारियों की लिस्ट प्रदेश कार्यालय के पास है, उन्हीं की सूची तैयार की गई है। अब जो कार्यकर्ता पदाधिकारी ही नहीं हैं, उनके नाम सूची में दर्ज नहीं हो सकते। फिर भी पर्यवेक्षक की ओर से ऐसे कार्यकर्ताओं की भी बात शांतिपूर्वक सुनी गई है।

लिफाफे में बंद हुए दावेदारों के नाम : शुक्रवार को दिनभर पार्टी के पर्यवेक्षक कैलाश शर्मा व गार्गी कक्कड़ की उपस्थिति में कलानौर व रोहतक विधानसभा क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों से पर्ची डलवाकर टिकट के दावेदारों के नाम मांगे गए हैं। पार्टी पदाधिकारियों की इन पर्चियों को लिफाफे में बंद करवा दिया गया है। इस लिफाफे को पर्यवेक्षकों की ओर से पार्टी के प्रदेश प्रभारी जगदीश मुखी को ही सौंपा जाएगा। सीलबंद इस लिफाफे को जगदीश मुखी ही खोलेंगे और अपनी रिपोर्ट चुनाव संचालन समिति को सौंप देंगे।

आज महम व किलोई विधानसभा की डलेंगी पर्चियां : भाजपा के इस कार्यक्रम के तहत शनिवार को खुशबू गार्डन में गढ़ी सांपला किलोई व महम विधानसभा के पदाधिकारियों के टिकट के दावेदारों के लिए पर्चियां डलवाई जाएंगी।

chat bot
आपका साथी