Lok Sabha Election 2024: भाजपा ने बनाया खास प्लान, हर शक्ति केंद्र पर करेगी बड़ा कार्यक्रम; उतारेगी 19 हजार पन्ना प्रमुखों की फौज

हरियाणा में भाजपा ने लोगों तक पहुंचने की खास योजना बनाई है। इसके तहत प्रदेश के सभी 4312 शक्ति केंद्रों पर जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों में सांसद विधायक और प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी संवाद करेंगे। वहीं पौने 19 हजार पन्ना प्रमुखों की ड्यूटी भी लगाई गई है। एक वक्ता एक दिन में सात संवाद केंद्रों पर जाकर लोगों से बातचीत करेगा।

By Jagran News NetworkEdited By: Publish:Wed, 20 Mar 2024 11:47 AM (IST) Updated:Wed, 20 Mar 2024 11:47 AM (IST)
Lok Sabha Election 2024: भाजपा ने बनाया खास प्लान, हर शक्ति केंद्र पर करेगी बड़ा कार्यक्रम; उतारेगी 19 हजार पन्ना प्रमुखों की फौज
लोकसभा चुनाव 2024: गांवों में नुक्कड़ सभा के जरिये लोगों तक पहुंचने का भाजपा ने बनाया प्लान।

चेतन सिंह, रेवाड़ी। भाजपा ने लोकसभा चुनाव को लेकर बड़े स्तर पर योजना तैयार की है। जहां एक ओर कांग्रेस जिलों में गुटबाजी से जूझ रही है, वहीं भाजपा ने जमीनी स्तर पर लोगों से संवाद शुरू कर दिया है। भाजपा पन्ना प्रमुखों के जरिये ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचने की कोशिश में लगी है ताकि प्रदेश में पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया जा सके। इसके लिए हर पन्ना प्रमुख की ड्यूटी लगाई गई है। भाजपा हर शक्ति केंद्र पर एक बड़ा कार्यक्रम करने जा रही है।

एक शक्ति केंद्र में पांच से छह बूथ होते हैं। इन पांच बूथों को मिलाकर एक गांव बनता है। हर शक्ति केंद्र पर भाजपा करीब 200 लोगों की नुक्कड़ सभा करेगी। इस कार्यक्रम का मकसद गांव-गांव तक पहुंचकर केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना है।

इस कार्यक्रम के जरिये भाजपा लोकसभा की 10 की 10 सीटें जीतने के लिए धरातल पर उतरने का काम करेगी। लोकसभा चुनाव के एलान से पहले प्रदेश में यह कार्यक्रम हर शक्ति केंद्र पर पूरे कर लिए जाएंगे।

एक वक्ता सात शक्ति केंद्रों पर करेगा संवाद

भाजपा ने शक्ति केंद्रों पर संवाद स्थापित करने के लिए वक्ताओं की जिम्मेदारी लगा दी है। एक वक्ता एक दिन में सात शक्ति केंद्रों पर जाकर संवाद करेगा। यानी 21 शक्ति केंद्रों पर तीन दिन में संवाद करना होगा। इसी तरह प्रदेश के 4312 शक्ति केंद्रों पर संवाद स्थापित किया जाएगा।

भाजपा के पास करीब पौने 19 हजार पन्ना प्रमुखों की फौज

प्रदेश भाजपा पहली बार 2024 के लोकसभा चुनाव में पन्ना प्रमुखों के सहारे उतरेगी। पिछले चुनाव में भाजपा के पास पन्ना प्रमुख नहीं थे। भाजपा ने पिछले दो सालों में पन्ना प्रमुख बनाकर पार्टी के लिए एक फौज खड़ी कर दी है। इन पन्ना प्रमुखों का पूरा डाटा केंद्रीकृत है। यानी एक सूचना को कुछ ही मिनटों में धरातल तक पहुंचाने में काफी आसानी होगी। भाजपा के पास पौने 19 हजार पन्ना प्रमुखों की फौज है।

भाजपा का शक्ति केंद्रों पर संवाद करने का कार्यक्रम है। इसका मकसद जन-जन तक केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी नीतियों को पहुंचाना है। प्रदेश के हर शक्ति केंद्र में यह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। - वंदना पोपली, प्रदेश प्रवक्ता, भारतीय जनता पार्टी।

यह भी पढ़ें: कहानी चौधरी बंसीलाल की, खुद जीप चलाकर करते थे चुनाव प्रभार; सबसे कम उम्र में बने हरियाणा के CM

यह भी पढ़ें: रेवाड़ी फैक्ट्री विस्फोट मामले में मरने वाले श्रमिकों की संख्या हुई पांच, बॉयलर फटने से झुलस गए थे 40 कर्मचारी

chat bot
आपका साथी