Panipat Lockdown day-7: दो पॉजिटिव मरीज हुए ठीक, दो का इलाज जारी

पानीपत में दो कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीज ठीक हो गए हैं वहीं दो का इलाज जारी है। छह आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। 54 सैंपल जांच को गए जिसमें 38 की रिपोर्ट निगेटिव है।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Tue, 31 Mar 2020 09:06 AM (IST) Updated:Tue, 31 Mar 2020 12:25 PM (IST)
Panipat Lockdown day-7: दो पॉजिटिव मरीज हुए ठीक, दो का इलाज जारी
Panipat Lockdown day-7: दो पॉजिटिव मरीज हुए ठीक, दो का इलाज जारी

पानीपत, जेएनएन। कोरोना वायरस से जंग में एक राहत भरी खबर आई। पानीपत में एक ओर इंग्लैंड से लौटे कोरोनो पॉजिटिव युवक को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। वहीं दूसरी ओर राइस मिल में काम करने वाली महिला ने भी पीजीआइ में कोरोना को शिकस्त दी। युवक की लगातार दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है। देर शाम युवक घर पहुंच गया। हालांकि अभी कुछ दिन तक उसे अलग ही रहना होगा। बाद में सैंपल लिए जा सकते हैं। पहली सफलता मिलने पर अस्पताल के डॉक्टरों-पैरामेडिकल स्टाफ और स्वजनों के चेहरों पर खुशी देखी गई।

मॉडल टाउन निवासी परिवार की नौल्था में राइस मिल है। इसी परिवार का छोटा बेटा इंग्लैंड में बीबीए अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। कोरोना वायरस के खौफ के बीच वह 15 मार्च को घर लौटा। तीन दिन घर और मिल में रहा। 17 मार्च की रात्रि उसे बुखार-खांसी हुई तो 18 मार्च को सिविल अस्पताल में उसके स्वाब का सैंपल खानपुर भेजा गया। 20 मार्च की रात्रि रिपोर्ट पॉजिटिव मिली, उसे आइसोलेशन वार्ड में एडमिट किया गया। 22 मार्च को दोबारा सैंपल लेकर पुणो स्थित लैब भेजे, उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आयी। 26 मार्च को मिली तीसरी रिपोर्ट निगेटिव थी। अस्पताल के डॉक्टरों ने 29 मार्च को चौथा सैंपल भेजा था। इसके बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

सिविल सर्जन डॉ. संतलाल ने युवक को अस्पताल से डिस्चार्ज करने की पुष्टि करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में यह राहत वाली खबर है। युवक को 14 दिन तक होम क्वारंटाइन में रहना होगा। उन्होंने कोविड-19 से सीधे फाइट कर रहे डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के प्रयासों को सराहा है।

मां और चाचा ने जताई खुशी

कोविड-19 को हराकर लौटे बेटे को देख मां ने खुशी जताई है। चाचा तो उसे लेने सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भी डॉक्टरों की टीम और स्टाफ का आभार प्रकट किया।

नौकर भी निगेटिव

युवक के साथ रहे नौकर और राइस मिल में काम करने वाली नौल्था वासी महिला सहित उसके पति और सास का भी सैंपल लिया गया था। सभी की रिपोर्ट पहले ही निगेटिव आ चुकी है।

38 की रिपोर्ट निगेटिव

सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती, मॉडल टाउन वासी महिला का सोमवार को दूसरी बार स्वाब सैंपल भेजा है। अब तक 54 सैंपल भेजे जा चुके हैं, इनमें रिपीट हुए भी शामिल हैं। 38 की रिपोर्ट निगेटिव है, दो पॉजिटिव हैं। तीन दिन पहले तक नोडल अधिकारी रही डिप्टी सिविल सर्जन, आइसोलेशन वार्ड के नोडल अधिकारी के सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार है। अभी तक 13 सैंपलों की रिपोर्ट पेंडिंग है।

सिविल सर्जन डॉ. संतलाल वर्मा ने कहा कि समय-समय पर स्वाब का सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे, इसका अर्थ यह नहीं कि वे आशंकित मरीज हैं। सिविल सर्जन के मुताबिक आइसोलेशन वॉर्ड में इस समय छह मरीज भर्ती है। एक की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव मिली है। बाकी के स्वास्थ्य में भी सुधार है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश के मूल निवासियों को उनके गृह जनपदों तक पहुंचाने के लिए दो दिन पहले रोडवेज की 75 बसें चलाई गई थी।

सबसे पहली प्रतिक्रिया

पीजीआइ में पॉजिटिव मिली पानीपत की महिला को सोमवार को छुट्टी दे दी। सबसे पहले मैं अपनी डॉक्टर टीम का शुक्रिया कहना चाहूंगा, जिन्होंने मुङो इस संकट की घड़ी से बाहर निकाला। डॉ.शशि गर्ग और डॉ.नवीन सुनेजा ने बेहद मेहनत की। इस समय भारत संक्रमण के तीसरे फेज में जा सकता है। ऐसे हालात में हमारी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। हमें अपने चिकित्सकों की राय माननी चाहिए। उनके साथ खड़े होना होगा। जैसा उनके चाचा ने सिविल अस्पताल से बाहर आने पर बताया।

इस तरह कोरोना को हराया

19 मार्च से अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में एडमिट मॉडल टाउन वासी 21 वर्षीय युवक ने मजबूत इम्यूनिटी, इच्छा शक्ति, हेल्दी डाइट से इस वायरस को हरा दिया है। युवक को एंटी वायरल मेडिसिन दी गई हैं। युवक ने वायरस को हावी नहीं होने दिया। एकांतवास को हथियार बनाया। मनोरंजन के लिए नेटफिलिक्स एप का सहारा लिया। डॉक्टरों से भी लगातार फोन पर बात करता रहा। अस्पताल से मिलने वाली हेवी प्रोटीनयुक्त डाइट ने अपना काम किया। पॉजिटिव मरीज के स्वस्थ होने का यह पहला मामला है।

chat bot
आपका साथी