प्रेम प्रसंग में बाधा बन रही थी पूजा, पति विकास ने कर दी हत्या

विकास ने बताया कि वह पूजा को पसंद नहीं करता था। वह युवती से बात करने से बार-बार रोकती थी। इससे तंग आ चुका था।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 15 Jan 2021 07:13 AM (IST) Updated:Fri, 15 Jan 2021 07:13 AM (IST)
प्रेम प्रसंग में बाधा बन रही थी पूजा, पति विकास ने कर दी हत्या
प्रेम प्रसंग में बाधा बन रही थी पूजा, पति विकास ने कर दी हत्या

जागरण संवाददाता, पानीपत : शूटिग एकेडमी संचालक विकास का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पत्नी पूजा (22) इसमें रोड़ा बनी हुई थी। इसी वजह से विकास ने पत्नी का गला दबाने के बाद धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। बाद में खुद टी-शर्ट को काटकर लूट का ड्रामा रच दिया। अगर वारदात होती तो पेट पर चाकू का गहरा घाव भी होता। ऐसा नहीं था। इसी वजह से भी पुलिस को शक हुआ। मायके वाले भी हत्या की बात पर अड़े थे। आरोपित विकास व उसके पिता चरण को सीआइए-वन में हिरासत में लेकर पूछताछ की। विकास ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।

विकास ने बताया कि वह पूजा को पसंद नहीं करता था। वह युवती से बात करने से बार-बार रोकती थी। इससे तंग आ चुका था। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस कह रही है कि एक निजी अस्पताल में विकास का इलाज चल रहा है। वहीं वीरवार को सामान्य अस्पताल में सोनीपत के चिड़ाना गांव के संजीत उर्फ सोनू अड़ गया कि जब तक बहन पूजा के हत्या आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती तब तक शव को नहीं लेगा। डीएसपी वीरेंद्र सैनी ने उन्हें आश्वासन दिया कि दो आरोपितों को काबू कर लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है। इसके बाद ही स्वजन शव को चिड़ाना गांव ले गए।

डाक्टर ने बताया कि पूजा के गले में ढाई इंच गहरा घाव था। नसें कटने से उसकी मौत हुई है। डीएसपी वीरेंद्र सैनी ने बताया कि पूजा की हत्या चाकू से हुई या ब्लेड से इसकी जांच की जा रही है।

सात दिन से सैर पर ले जा रहा था, मौका मिलते ही मार डाला

युवती को लेकर विकास और पूजा में अक्सर झगड़ा होता था। एक सप्ताह से विकास का रवैया बदल गया था और वे साजिश के तहत पत्नी को हर रोज शाम को सैर कराने खेतों में ले जाता था। बुधवार को भी दोनों खेत में सुनसान जगह पर थे। युवती को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। इसमें पूजा की चूड़ियां भी टूटी। विकास ने पहले से ही लिए साथ चाकू से पत्नी का गला काट दिया। पिता और भाई मौके पर पहुंचे तो बताया कि छह बदमाशों ने पूजा की हत्या कर दी हैं। उस पर भी चाकू से हमला कर मोबाइल, अंगूठी व चेन लूट ले गए। बदमाश तीन बाइकों पर थे। एक पर धनखड़ लिखा था।

भाई से कॉल कर कहा था, रिश्तेदार बात नहीं कर रहे

संजीत ने बताया कि बुधवार शाम को बहन ने कॉल कर बताया था कि सास सतवंती के छह भतीजे आए हुए हैं। पहले वे बात करते थे। आज बात नहीं कर रहे। कुछ अजीब है। ताऊ के बेटे एडवोकेट अनिल लठवाल ने बताया कि डेढ़ महीने पहले मायके में रह रही पूजा ने कहा था कि ससुराल वाले उसे मार देंगे। वह वापस नहीं जाना चाहती। तब बहन को समझा कर भेज दिया। उसे नहीं पता था कि बहन की हत्या हो जाएगी।

दहेज में मांगी थी कार व पांच लाख, पंचायत में माफी

संजीत ने बताया कि पूजा के देवर की शादी के बाद से ससुराल वाले कार व पांच लाख रुपये दहेज में लाने के लिए उसे प्रताड़ित कर रहे थे। 12 मार्च 2020 को पति, ससुर चरण सिंह, देवर रिकू और सास सतवंती ने उसके साथ मारपीट की। 15 मार्च को पिता कृष्ण लठवाल एक लाख रुपये आरोपितों को देकर आया। इसके बावजूद 25 नवंबर को बहन को घर से निकाल दिया। 2 दिसंबर को घर पर पंचायत हुई और ससुराल वालों ने माफी मांगी। 4 दिसंबर को विकास पूजा को घर ले गया। इसके बाद बहन को मार डाला। थाना सदर में पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज है।

chat bot
आपका साथी