Panipat Coronavirus Update: पानीपत में एक बार फ‍िर बड़ी संख्‍या में मिले कोरोना पॉजिटिव, 22 लोग संक्रमित

पानीपत में कोरोना संक्रमण का ग्राफ लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। एक साथ 22 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। यमुना एनक्लेव में चार मॉडल टाउन में तीन विराट नगर में दो संक्रमित हैं।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Wed, 08 Jul 2020 08:37 AM (IST) Updated:Wed, 08 Jul 2020 08:37 AM (IST)
Panipat Coronavirus Update: पानीपत में एक बार फ‍िर बड़ी संख्‍या में मिले कोरोना पॉजिटिव, 22 लोग संक्रमित
Panipat Coronavirus Update: पानीपत में एक बार फ‍िर बड़ी संख्‍या में मिले कोरोना पॉजिटिव, 22 लोग संक्रमित

पानीपत, जेएनएन। पानीपत में कोरोना संक्रमित मरीजों का मिलना रुक नहीं रहा है। ऐसे में एक बार फरि बढ़ी संख्‍या में लोग संक्रमित मिले हैं। 22 और मरीजों की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित मिली है। इनमें यमुना एनक्लेव के पति-पत्नी व उनके दो बच्चे, मॉडल टाउन में तीन, सेक्टर-12 में तीन और विराट नगर वासी दो सगे भाई शामिल हैं। इसी के साथ जिले में संक्रमितों की संख्या 289 तक पहुंच गई है। उधर, मंगलवार को तीन लोगों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज भी किया गया है। 

सिविल सर्जन डा. संतलाल वर्मा ने बताया कि पॉजिटिव केसों में पलड़ी गांव का 35 वर्षीय युवक है। यह सोनीपत में नौकरी करता है, आवागमन के दौरान किसी संक्रमित के संपर्क में आया है। सेक्टर 24 की 27 वर्षीय महिला है, इसका आवागमन भी सोनीपत है। आहूजा अस्पताल के 63 वर्षीय डाक्टर हैं। एल्डिको वासी 48 वर्षीय पुरुष की रिपोर्ट भी पॉजिटिव है। इनके परिवार में भी पहले एक व्यक्ति संक्रमित मिल चुका है। सेक्टर 12 निवासी नौ साल का बच्चा, 67 वर्षीय महिला, 38 वर्षीय पुरुष संक्रमित मिले हैं। विगत दिनों इस परिवार का आठ साल का बच्चा भी संक्रमित मिल चुका है। मॉडल टाउन निवासी 35 वर्षीय महिला, इनके परिचित दिल्ली से आए दंपती भी पॉजिटिव हैं। तीनों पानीपत में विवाह समारोह में शामिल हुए थे। यमुना एनक्लेव में पति-पत्नी व इनकी 18 वर्षीय बेटी और 12 वर्षीय पुत्र संक्रमित मिले हैं। सिवाह गांव में 34 वर्षीय युवक और 15 साल की किशोरी की रिपोर्ट पॉजिटिव है। 

इस परिवार का एक युवक (भाखड़ा व्यास प्रबंधन बोर्ड के एक्सईएन का चालक) चार जुलाई को पॉजिटिव आ चुका है। इनके अलावा मॉडल टाउन के 60 वर्षीय वृद्ध, विराट नगर के दो वृद्ध भाई, फिरोजाबाद उप्र. से आए 24 वर्षीय युवक, मेवात से आए 29 साल के युवक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है। 

दंपती पार्क अस्पताल में भर्ती 

यमुना एनक्लेव निवासी दंपती को पार्क अस्पताल में भर्ती हैं। चार मरीज सिविल अस्पताल और दो मरीजों को इसराना स्थित एनसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रखा गया है। 14 मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इनमें नौ और 12 वर्षीय बालक भी शामिल हैं। 

आहूजा अस्पताल में ओपीडी बंद 

सनौली रोड स्थित आहूजा अस्पताल के संचालक डाक्टर कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। तीन-चार दिनों के लिए अस्पताल में ओपीडी और भर्ती सेवाएं बंद की गई हैं। सिविल सर्जन ने बताया कि डाक्टर की रिपोर्ट नेगेटिव आने और सैनिजाइजेशन के बाद अस्पताल प्रशासन चिकित्सीय सेवाएं शुरू कर सकता है। 

तीन मरीज हुए स्वस्थ 

मंगलवार को तीन मरीजों की दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव आने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। इनमें देवीमूर्ति कॉलोनी वासी 40 वर्षीय पुरुष, शक्ति नगर के 62 वर्षीय वृद्ध और अलुपुर निवासी 28 साल के युवक शामिल हैं। अब तक कुल 289 केस पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से 158 स्वस्थ हो चुके हैं। 120 केस एक्टिव हैं और सात की मौत हो चुकी है। चार केस दूसरे जिलों हैं, ये केस संबंधित जिलों में जुडेंगे। 

एग्रो मॉल में 24 बाथरूम बनकर तैयार 

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अब एग्रो मॉल में करीब 200 बेड का कोविड केयर सेंटर बनाने की तैयारी है। मॉल में मार्केटिंग बोर्ड द्वारा 24 अस्थायी बाथरूम बनाए गए हैं। इनके अलावा शौचालयों को भी रनिंग में लाया गया है। बता दें कि डीसी धर्मेंद्र सिंह और सिविल सर्जन डा. संतलाल वर्मा ने 15 जून को एग्रो मॉल का दौरा कर, कोविड केयर सेंटर बनाने का निर्णय लिया था। 

chat bot
आपका साथी