शहीद एक्सप्रेस से अंबाला जा रहे 10 यात्रियों में कोरोना के लक्षण, कुरुक्षेत्र में उतारा

शहीद एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे 10 यात्रियों में कोरोना के लक्षण मिले हैं। एक यात्री की शिकायत पर ट्रेन को कुरुक्षेत्र में रोककर यात्रियों की जांच की गई तो लक्षण मिले।

By Anurag ShuklaEdited By: Publish:Sun, 05 Jul 2020 06:32 PM (IST) Updated:Sun, 05 Jul 2020 06:32 PM (IST)
शहीद एक्सप्रेस से अंबाला जा रहे 10 यात्रियों में कोरोना के लक्षण, कुरुक्षेत्र में उतारा
शहीद एक्सप्रेस से अंबाला जा रहे 10 यात्रियों में कोरोना के लक्षण, कुरुक्षेत्र में उतारा

पानीपत/कुरुक्षेत्र, जेएनएन। जयनगर से अमृतसर जंक्शन तक जाने वाली कोविड-19 स्पेशल ट्रेन 04649 शहीद एक्सप्रेस में अंबाला जा रहे 10 यात्रियों को कोरोना की आशंका के चलते कुरुक्षेत्र जंक्शन पर उतार लिया गया। प्राथमिक जांच में सभी यात्रियों के शरीर का तापमान सामान्य से अधिक मिला। डाक्टरों ने उनको एंबुलेंस से तुरंत एलएनजेपी सिविल अस्पताल भेज दिया। 

आयुष विभाग के एएमओ डा. शुभम गर्ग ने बताया कि शहीद एक्सप्रेस ट्रेन में से एक यात्री कोच नंबर एस-5 से प्लेटफार्म नंबर एक पर उतरा था। यात्री ने उनको बताया उसके कोच में 10 यात्रियों को खांसी व जुकाम है। उन्होंने सूचना को गंभीरता के साथ लिया और सभी 10 यात्रियों के शरीर का तापमान जांचा। उनका तापमान सामान्य से अधिक मिला और इनको खांसी व जुकाम की शिकायत थी। उन्होंने बताया कि वे अंबाला जा रहे हैं और महाराष्ट्र से आए हैं। 

सभी यात्रियों को कोरोना की आशंका के चलते ट्रेन से कुरुक्षेत्र स्टेशन पर ही उतार लिया। सैंपल के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भेज दिया है। जहां पर उनके सैंपल लिए जाएंगे।

दो महिलाओं की टिकट कैंसिल 

शहीद एक्सप्रेस में कुरुक्षेत्र से फैजाबाद, उत्तर प्रदेश जाने के लिए स्टेशन पर दो महिला आई थी। उनको पीलिया की शिकायत मिली। डाक्टरों ने उनकी टिकट कैंसिल कर दी और सैंपल के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भेज दिया। डाक्टरों ने बताया कि यूनिवर्सिटी थर्ड गेट के पास रहने वाली दो महिला यात्रियों को फैजाबाद जाना था।

chat bot
आपका साथी