सीएम ने मोदी के नाम पर वोट मांगे, हुड्डा को सोने पर घेरा

पानीपत के इसराना में भाजपा की विजय संकल्‍प रैली। करनाल लोकसभा सीट से उम्‍मीदवार संजय भाटिया का स्‍वागत। सीएम ने कहा वोट से कांग्रेस पर चोट करें। सीएम ने 27 मिनट तक दिया भाषण

By Ravi DhawanEdited By: Publish:Sun, 07 Apr 2019 06:01 PM (IST) Updated:Sun, 07 Apr 2019 06:03 PM (IST)
सीएम ने मोदी के नाम पर वोट मांगे, हुड्डा को सोने पर घेरा
सीएम ने मोदी के नाम पर वोट मांगे, हुड्डा को सोने पर घेरा

पानीपत, जेएनएन। आकाश, पातल और उसके बाद जमीन घोटाले कर कांग्रेस भ्रष्टाचार में लिप्त रही। पांच वर्ष के बाद होने वाले जनादेश के इस त्योहार में अटक से कटक और जम्मू कश्मीर से कन्याकुमारी तक के मतदाता हिसाब मांगेगे। लोकसभा का चुनाव 12 मई को होगा। वोट देकर आप सब देश के विकास में मोदी का हाथ मजबूत करें। इसराना अनाज मंडी में रविवार को विजय संकल्प रैली की शुरुआत करते हुए यह बात सीएम मनोहर लाल ने कही।

सीएम ने कहा कि कांग्रेस 124 ए देशद्रोही कानून को खत्म करने की बात कह रही है। जो देश को टुकड़ों में बांटेगा, उसे माफ कर देंगे। धार 370 को कायम रखना चाहती है। कश्मीर की अखंडता को देश में जोडऩे के लिए तैयार नहीं है। वोट के लिए देश को दांव पर लगा दिया। पहले 2 जी, फिर 3 जी से आकाश घोटाला किया गया। कोयला बेचकर पाताल को लूटा। जमीन की लूट सबके सामने है। एक से बढ़ कर एक भ्रष्टाचार की कहानी है। सीएलयू, भर्ती और ट्रांसफर सब में गड़बडी की है।

900 ग्राम से पांच किग्रा हुआ सोना
मंच से सीएम ने कहा कि 2004 में चुनाव के दौरान पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा  ने 90 तोले सोने को रिकार्ड में दिखाया। पांच वर्ष बाद ये बढ़ कर पांच किलो हो गया। इतना सोना कहां से आ गया। कांग्रेस ने इस पर सफाई देते हुए कहा कि दीपेंद्र की शादी में उनकी पत्नी को मिले हैं। शादी के तुरंत बाद 10-10 करोड़ के दो फ्लैट खरीद लिए। उन बिल्डरों को क्या दिया, हिसाब किताब होने पर जांच में पता चलेगा। पांचों अंगुली भ्रष्टाचार में धंसी हैं।

15 साल का हिसाब मांगेगी जनता 
राहुल गांधी ने केरल की एक सुरक्षित सीट वायनाड को मजबूती से पकड़ा है। पहले अमेठी की जनता 15 साल का हिसाब मांगेगी। वायरनाड वालों को जब पता चलेगा तो वो भी चुप नहीं बैठेंगे। वहां से धक्का मार कर बाहर कर देंगे।

गठबंधन नहीं, ये ठगबंधन है
भाजपा के खिलाफ सारे दल एक होकर गठबंधन करने में लगे हैं। लेकिन जिनके बीच गठबंधन हुआ है किसी की विचारधारा नहीं मिलती है। सब इस चक्कर में हैं कि किसी तरह पांच साल के लिए सीट मिल जाए। देश हित से उनका कोई लेना-देना नहीं है।

केजरीवाल पर भी तंज
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल रोज कुछ न कुछ बयान देते रहते हैं। पहले कहा कि किसी से गठबंधन नहीं करेंगे। अब दलों को बुला रहे हैं। कांग्रेस ने साफ मना कर दिया है।

chat bot
आपका साथी