हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों की गांधीगीरी कर गई काम, परिवहन मंत्री ने वार्ता के लिए बुलाए यूनियनों के प्रतिनिधि

अपनी मांगों को लेकर 29 नवंबर को पैदल मार्च का एलान कर चुकी हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों को परिवहन मंत्री मूल चंद शर्मा को वार्ता के लिए बुलाया है। वार्ता कल चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास पर होगी।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sun, 21 Nov 2021 02:56 PM (IST) Updated:Sun, 21 Nov 2021 03:13 PM (IST)
हरियाणा  रोडवेज कर्मचारियों की गांधीगीरी कर गई काम, परिवहन मंत्री ने वार्ता के लिए बुलाए यूनियनों के प्रतिनिधि
हरियाणा के परिवहन मंत्री मूल चंद शर्मा की फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। मांगों को लेकर कई बार बसों का चक्का जाम कर चुकी रोडवेज कर्मचारी यूनियनाें ने इस बार गांधीगीरी का सहारा लिया है। 29 नवंबर को पैदल मार्च निकालने जा रहे हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के साथ ही आंदोलनरत दूसरी रोडवेज कर्मचारी यूनियनों को साधने के लिए परिवहन निदेशक ने सोमवार को 13 यूनियनों के दो-दो प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए बुलाया है।

चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में सुबह 11.30 बजे होने वाली बैठक की अध्यक्षता खुद परिवहन मंत्री मूल चंद शर्मा करेंगे। हालांकि वार्ता से पहले रोडवेज कर्मचारी यूनियनों में फूट फिर उजागर हो गई है। संयुक्त मांगपत्र नहीं होने से खफा हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन ने बैठक में शामिल होने से इन्कार कर दिया है। यूनियन प्रधान इंद्र सिंह बधाना व प्रदेश महासचिव सरबत सिंह पूनिया ने कहा कि हमने अलग मीटिंग करने का अनुरोध किया था क्योंकि विभाग की यूनियनों का कोई साझा मंच, साझा मांग पत्र व साझा आंदोलन नहीं है। हमारी यूनियन का अलग मांग पत्र व अलग तर्क है।

वहीं, हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के प्रधान दलबीर किरमारा ने कहा कि पूर्व में हुई बैठकों में मानी गईं अनेक मांगें अभी तक पूरी नहीं हुई हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में वर्ष 2002 में लगे सभी कर्मचारियों को नियुक्ति तिथि से पक्का करने, कर्मशाला कर्मचारियों को आठ छुट्टियों के बजाय पहले की तरह 30 छुट्टियां देने, एसीपी का लाभ और भेदभाव बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग के साथ ही दर्जन भर अन्य मुद्दों पर बात की जाएगी।

कोरोना मानकों का पालन करते हुए सभी यूनियनों के दो-दो प्रतिनिधियों को ही बैठक में बुलाया गया है। इनमें हरियाणा रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रधान ओमप्रकाश ग्रेवाल, हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ के प्रधान दलबीर किरमारा, हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के प्रधान इंद्र सिंह बधाना, विनोद शर्मा, जय भगवान कादियान, महेंद्र सिंह गौड़, नसीब जाखड़, कृष्ण कादियान, रमेश श्योकंद, बलवंत सिंह, अजमेर सिंह मथाना, हरिकृष्ण व प्रदीप दलाल शामिल हैं। बैठक में किन मांगों पर मुहर लगती है, अब उस पर निगाहें टिकी रहेंगी।

chat bot
आपका साथी